![]()
गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बाईपास पर ‘खाना खजाना’ के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में प्लस टू विद्यालय के हेड क्लर्क की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे में इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम मृतक की पहचान बंजारी वार्ड नंबर-13 निवासी स्व. राजीव रंजन के 39 वर्षीय इकलौते पुत्र राहुल रंजन के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। राहुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनकी मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। पिता की मौत के बाद अनुकंपा पर मिली थी नौकरी बताया जाता है कि राहुल के पिता राजीव रंजन पेशे से शिक्षक थे और करीब एक वर्ष पहले उनका निधन हुआ था। पिता की मौत के बाद राहुल को अनुकंपा के आधार पर क्लर्क के पद पर नौकरी मिली थी। उन्होंने करीब पांच महीने पहले ही विद्यालय में अपनी सेवा शुरू की थी। नौकरी शुरू करने के कुछ ही महीनों बाद हुए इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। बुजुर्ग मां का सहारा और बच्चों के सिर से उठा पिता का साया राहुल की मौत से उनकी बुजुर्ग मां का बुढ़ापे का सहारा छिन गया। वहीं, उनके मासूम बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठ गया। एक ओर परिवार पहले ही पिता की मौत का दर्द झेल चुका था, अब राहुल की असमय मौत ने परिजनों को पूरी तरह तोड़ दिया है। ‘हेलमेट मैन’ ने हादसे के बाद की सड़क सुरक्षा की अपील घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजसेवी ‘हेलमेट मैन’ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में गलती चाहे किसी की भी हो, उसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। पुलिस के डर से नहीं, परिवार के लिए पहनें हेलमेट ‘हेलमेट मैन’ ने लोगों से मानक गुणवत्ता वाला हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट को बाइक के हैंडल पर लटकाकर चलना या सिर्फ पुलिस की चालानी कार्रवाई से बचने के लिए पहनना गलत है। हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में अपनी जान बचाकर सुरक्षित घर लौटने के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने और अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए हर सफर में हेलमेट का अनिवार्य इस्तेमाल करने की अपील की।
Source link
2 बाइकों की आमने-सामने टक्कर में हेड क्लर्क की मौत:गोपालगंज-पिता की मौत के बाद मिली थी नौकरी; 5 महीने पहले शुरू की थी सेवा
