Headlines

आगामी कृषि मौसम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई



भास्कर न्यूज | अररिया कृषि विज्ञान केंद्र, अररिया में मंगलवार को 17वीं वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में किए जा रहे तकनीकी हस्तक्षेपों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कृषि मौसम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई। बैठक में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के निदेशक प्रसार शिक्षा शामिल हुए। आईसीएआर-अटारी, पटना से प्रधान वैज्ञानिक अमरेन्द्र कुमार और प्रधान वैज्ञानिक डीवी सिंह ने आभासी माध्यम से भाग लिया और कृषि विकास से जुड़े मुद्दों पर सुझाव दिए। भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय के प्राचार्य जनार्दन प्रसाद भी मौजूद रहे। कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान राजीव सिंह के साथ केंद्र के वैज्ञानिक व कर्मचारी, जिले के विभिन्न लाइन विभागों के पदाधिकारी और वैज्ञानिक सलाहकार समिति के सदस्य शामिल हुए। इफको, प्रदान और पीएचआईए के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। बैठक में पिछले कृषि मौसम के दौरान केंद्र की ओर से किए गए प्रसार कार्य, प्रशिक्षण, प्रदर्शन, शोध और किसान हितकारी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। आगामी मौसम के लिए किसानों की स्थानीय जरूरतों, जलवायु परिस्थितियों और जिले की कृषि प्राथमिकताओं के आधार पर कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ। समिति के सदस्यों और विभागीय प्रतिनिधियों के सुझावों पर चर्चा की गई। इन्हें कार्ययोजना में शामिल कर प्रभावी तरीके से लागू करने पर सहमति बनी। बैठक में नई कृषि तकनीक किसानों तक पहुंचाने के साथ कृषि उत्पादकता, किसानों की आय और कृषि की स्थिरता बढ़ाने पर जोर दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *