Headlines

विष्णुपद जाने वाले मार्गों पर वाहनों की एंट्री बंद:ई-रिक्शा की होगी व्यवस्था, पितृपक्ष मेले के पहले दिन हुई समीक्षा बैठक




गयाजी में पितृपक्ष मेला के पहले दिन जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने समीक्षा बैठक की। बैठक संवास सदन समिति के सभागार में हुई, जिसमें सभी पिंड वेदी स्थलों पर तैनात अधिकारी शामिल हुए। बैठक में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पहले दिन के अनुभवों पर फीडबैक लिया गया। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी आ रहे हैं। उनकी सुविधा, सुरक्षा, आसान आवाजाही और भीड़ नियंत्रण को सबसे ऊपर रखा जाए। सभी अधिकारी तालमेल से काम करें। यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए। चांद चौराहा और बंगाली आश्रम से विष्णुपद तक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इन रास्तों पर श्रद्धालुओं की आसान आवाजाही और भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और पुलिस बल रहेगा। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए इन मार्गों पर ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की जाएगी। प्रेतशिला-रामशिला में 27 सितंबर को विशेष यातायात व्यवस्था जिलाधिकारी ने कहा कि 27 सितंबर को पितृपक्ष मेला का दूसरा दिन है और इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के प्रेतशिला-रामशिला क्षेत्र में पिंडदान के लिए पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को और बेहतर और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने विशेष रूप से प्रेतशिला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में निःशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था 27 सितंबर को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि दूरस्थ पार्किंग-निर्धारित स्थानों से आने वाले तीर्थयात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके और अनावश्यक पैदल भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सभी पिंड वेदी स्थलों पर सीसीटीवी-व्हीलचेयर व्यवस्था के निर्देश जिलाधिकारी ने सभी पिंड वेदी स्थलों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह फंक्शनल और लगातार सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी के माध्यम से भीड़ की स्थिति, आवागमन और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सभी पिंड वेदी स्थलों पर व्हीलचेयर की पर्याप्त और सुचारू व्यवस्था के भी निर्देश दिए, ताकि बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने में असमर्थ तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी जिलाधिकारी ने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक सूचनाओं का लगातार प्रसारण और अनाउंसमेंट कराया जाए। कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी यह देखेंगे कि श्रद्धालुओं को यातायात व्यवस्था, निर्धारित मार्ग, ई-रिक्शा, पिंड वेदी स्थल और अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां समय-समय पर उपलब्ध होती रहें। उन्होंने कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं और फीडबैक पर लगातार नजर रखें। किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी प्राप्त होने पर संबंधित पदाधिकारी और टीम के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उसका त्वरित समाधान करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *