![]()
जमुई में खेत में पटवन का पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में घायल 45 वर्षीय मुन्ना यादव की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। 8 सितंबर को हुए विवाद के बाद से उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार, 24 सितंबर की देर शाम मौत की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार शाम आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमुई शहर के कचहरी चौक पर सड़क जाम कर दिया। लोग घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। देखें, मौके से आई PHOTOS… 8 सितंबर को पटवन के पानी को लेकर हुआ था विवाद मृतक की पहचान बिहारी मोहल्ला निवासी कालेश्वर यादव के 45 वर्षीय पुत्र मुन्ना यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 8 सितंबर को खेत में पटवन का पानी बहाने को लेकर मुन्ना का बिहारी मोहल्ला निवासी टिंकू सिंह से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान मुन्ना के साथ लोहे की रड और ईंट-पत्थर से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सदर अस्पताल से पटना किया गया था रेफर घटना के बाद परिजन घायल मुन्ना को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। कुछ दिनों के इलाज के बाद मुन्ना पटना से वापस घर लौट आए थे। तबीयत बिगड़ने पर दोबारा पटना ले गए परिजनों ने बताया कि करीब तीन-चार दिन पहले अचानक मुन्ना की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें दोबारा इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना देर शाम परिजनों को मिली। 45 मिनट तक कचहरी चौक पर रहा जाम मुन्ना की मौत की खबर के बाद शुक्रवार शाम परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कचहरी चौक पर सड़क जाम कर दिया। करीब 45 मिनट तक जाम रहने से चौक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। एसडीपीओ के आश्वासन के बाद हटाया जाम सड़क जाम की सूचना पर एसडीपीओ दीप्ति मोनाली मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और आश्वासन दिया कि मामले की जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
Source link
पटवन विवाद में घायल मुन्ना की पटना में मौत:जमुई में आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम, बोले-'आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो'
