अररिया-मुस्लिम टोला में पटाखा बनाने के दौरान ब्लास्ट:भरगामा में मकान के उड़े हिस्से, बोरे में डालने के दौरान विस्फोट; 6 लोग घायल




अररिया के भरगामा प्रखंड मुख्यालय के पश्चिमी भाग स्थित मुस्लिम टोला में शुक्रवार देर शाम तेज धमाके से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। क्षतिग्रस्त मकान नूर मोहम्मद के पुत्र मो. अख्तर का बताया जा रहा है। घटना के बाद आधा दर्जन लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। देखें, मौके से आई PHOTOS… पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट की चर्चा स्थानीय लोगों के अनुसार, मो. अख्तर के मकान में आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले पटाखों के निर्माण का काम किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जाता है कि शुक्रवार देर शाम कुछ मजदूर मकान में पटाखा बनाने के काम में लगे थे। इसी दौरान आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को एक बोरे से दूसरे बोरे में डालने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की तीव्रता से मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त विस्फोट इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में मो. अख्तर की पत्नी समेत पटाखा निर्माण में लगे मजदूरों के प्रभावित होने की चर्चा है। धमाके के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग वहां से निकल गए। मकान से जुड़े लोगों के भी सामने नहीं आने की बात कही जा रही है। सिलेंडर ब्लास्ट की भी आशंका घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट हुआ, जबकि कुछ लोग इसे सिलेंडर ब्लास्ट होने की आशंका जता रहे हैं। ग्रामीण भी घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं। ऐसे में विस्फोट का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा सूचना मिलने के बाद अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मकान और आसपास के इलाके का जायजा लिया। घटनास्थल पर मौजूद सामग्री और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति-अपर थानाध्यक्ष अपर थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल का जायजा लिया गया है। विस्फोट किस कारण से हुआ और घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं, इसकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। खबर लगातार अपडेट हो रही है…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *