![]()
कैमूर के मोहनिया में करीब दो साल से लापता बेटे की तलाश में एक मां पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रही है। डिहरी ऑन सोन की रहने वाली रीना देवी बुधवार को अपने पति शंकर शाह के साथ मोहनिया डीएसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने अपने लापता बेटे निशांत कुमार को जल्द खोजने की गुहार लगाई। रीना देवी के मुताबिक, उनका बेटा निशांत कुमार 22 जून 2024 को मोहनिया के मझाड़ी गांव स्थित अपने ननिहाल से लापता हुआ था। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी तलाश की, लेकिन निशांत का कोई सुराग नहीं मिला। जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाने का आरोप रीना देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को जन्मदिन की पार्टी में ले जाने की बात कहकर मौसा धनंजय साह और मामा मनीष कुमार व अशोक साह घर से बुलाकर ले गए थे। इसके बाद निशांत वापस नहीं लौटा। परिवार ने इन्हीं लोगों की भूमिका पर संदेह जताया है। परिवार बोला-शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को संदेह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी दी, लेकिन अब तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। रीना देवी का कहना है कि वह कई महीनों से थाने के चक्कर लगा रही हैं। डीएसपी ने दिया एक सप्ताह का समय डीएसपी कार्यालय पहुंची रीना देवी ने पुलिस से बेटे की तलाश तेज करने की मांग की। उनके मुताबिक, डीएसपी ने जांच जारी होने की बात कहते हुए एक सप्ताह का और समय देने का आश्वासन दिया। तीन बेटों में दूसरे नंबर पर था निशांत रीना देवी पांच बच्चों की मां हैं। उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं। निशांत तीन बेटों में दूसरे नंबर पर था। बेटे के लंबे समय से लापता होने के कारण परिवार लगातार परेशान है। उच्च अधिकारियों से लगाई गुहार पीड़ित परिवार ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कराने और निशांत का जल्द पता लगाने की मांग की है। साथ ही, यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
Source link
लापता बेटे की तलाश में DSP कार्यालय पहुंची मां:2024 से गायब निशांत का नहीं मिला सुराग, मौसा-मामा पर बुलाकर ले जाने का आरोप
