Headlines

पीड़ित परिवार से मिले जमुई सांसद अरुण भारती:50-50 हजार रुपए की मदद की, बोले- दोषियों को सख्त सजा दिलाएंगे




जमुई सांसद ने केंद्रीय मंत्री जितनराम मांझी के गढ़ खिजरसराय में बुधवार को पीड़ित परिवार को मदद करने पहुंचे। जिले के खिजरसराय के कुड़वां और पथरा गांव की घटनाओं को लेकर जमुई सांसद अरुण भारती ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों परिवारों को न्याय का भरोसा दिया। पार्टी की ओर से दोनों परिवारों को 50-50 हजार रुपए के चेक भी दिए। सांसद ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। हर संभव मदद की जाएगी। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और अतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोमित कुमार अब तक गांव तो आना दूर फोन पर भी हालचाल नहीं लिया है। अरुण भारती पार्टी नेताओं के साथ गांव पहुंचे थे। उन्होंने परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। उनकी परेशानियां सुनीं। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है। सबसे जरूरी है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले। साथ ही सरकार से मिलने वाली मदद भी जल्द मिले। पीड़ित परिवार ने कहा कि आप पहले नेता हैं जो पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे हैं। जमुई की घटना पर बोले, तेजी से कार्रवाई हुई वहीं, जमुई में बीते दिनों नाबालिग लड़की से छेड़छाड़-मारपीट की घटना पर सांसद ने कहा कि मैं घटना के बाद से ही अधिकारियों के संपर्क में हूं। जमुई के डीएम, एसपी और डीआईजी से लगातार जानकारी लेते रहे हैं। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की है। 48 घंटे के भीतर 8 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करनी है। सभी साक्ष्यों को जुटाकर अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल करनी होगी। इसके बाद अदालत से दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी सजा होनी चाहिए, जिससे आगे कोई इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत न करे। कानून का डर अपराधियों में दिखना चाहिए बिहार में कानून-व्यवस्था के सवाल पर भी सांसद ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अपराधियों पर कार्रवाई को उन्होंने डीडीटी के छिड़काव से जोड़ते हुए कहा कि जिस तरह डीडीटी के छिड़काव से मच्छरों और कीड़े-मकोड़ों को पनपने से रोका जाता है, उसी तरह आपराधिक मानसिकता रखने वालों पर कानून का चाबुक चलना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। विपक्ष की ओर से कानून-व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवालों पर सांसद ने कहा कि सरकार और प्रशासन अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को समीक्षा करने का अधिकार है। लेकिन पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। आरक्षण पर भी रखी पार्टी की बात
आरक्षण के सवाल पर अरुण भारती ने अपनी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने समाज के अलग-अलग वर्गों के अधिकारों की बात की। पार्टी का मानना है कि हर वर्ग को उसका उचित हक मिलना चाहिए। किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
दो गांव में दो की हुई थी मौत दरअसल, खिजरसराय के कुड़वां निवासी अजय मांझी की पटना जिले के सिंगोड़ी थाना क्षेत्र में मौत हुई थी। अजय ईंट-भट्ठे पर मुंशी का काम करते थे। परिजनों ने पुलिस हिरासत में मौत का आरोप लगाया है। मामले में जांच और कार्रवाई की मांग भी उठी है। वहीं, पथरा गांव की 55 वर्षीय महिला की मौत का मामला भी सामने आया था। उनकी बहू ने एक युवक पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। हालांकि अब तक एक भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *