![]()
कटिहार में ‘लापता सांसद’ के पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीति गरमा गई है। जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष निरंजन पोद्दार ने सांसद तारिक अनवर पर बाढ़ के दौरान गायब रहने का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की है। इस बीच जिला कांग्रेस ने सांसद के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी है। कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता और नगर अध्यक्ष राजेश रंजन मिश्रा ने बताया कि सांसद तारिक अनवर को 4 दिन पहले बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान सीने में दर्द उठा था। जांच के बाद 3 दिन पहले मुंबई के एशियन अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई और स्टेंट डाला गया। उन्होंने बताया कि सांसद अभी अस्पताल में भर्ती हैं। मिश्रा ने लोगों से ऐसी राजनीति नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कटिहार के लोग जानते हैं कि सांसद तारिक अनवर हारे हों या जीते हों, बाढ़ के दौरान वे हमेशा जनता के साथ रहते हैं। 10 दिन पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया था दौरा मिश्रा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले सांसद ने बाढ़ प्रभावित बरारी, अमदाबाद और अजमनगर का नाव से दौरा किया था। उन्होंने जिलाधिकारी से बाढ़ राहत के लिए जरूरी इंतजाम करने को भी कहा था। उनके दौरे की खबरें अखबारों और सोशल मीडिया पर भी प्रकाशित हुई थीं। मिश्रा ने लोगों से सांसद के बारे में जानकारी सर्च करने और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील की। जदयू नेता ने लगाया था बाढ़ के दौरान दूरी बनाने का आरोप वायरल पोस्टर में आरोप लगाया गया था कि बाढ़ की तबाही के बीच कटिहार सांसद नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि पूर्णिया सांसद पप्पू यादव कटिहार में घूमकर बाढ़ पीड़ितों से मिल रहे हैं। जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष निरंजन पोद्दार ने कहा था कि बिहार सरकार की ओर से कम्युनिटी किचन, स्वास्थ्य केंद्र, प्लास्टिक और सूखा राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सांसद के जनता से दूरी बनाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इस्तीफे की मांग की थी। सांसद की ओर से मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं कांग्रेस की ओर से सांसद के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी गई है। हालांकि सांसद तारिक अनवर की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
Source link
कटिहार में ‘लापता सांसद’ पोस्टर पर सियासत:जदयू ने तारिक अनवर से मांगा इस्तीफा; कांग्रेस बोली- मुंबई अस्पताल में एंजियोप्लास्टी के बाद भर्ती
