मधेपुरा के बीएन मंडल विश्वविद्यालय में पीएचडी में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय ने पीएचडी में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीखें जारी कर दी हैं। योग्य उम्मीदवार 8 से 20 सितंबर तक समर्थ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
.
कुलपति प्रो. बीएस झा के निर्देश पर डीएसडब्ल्यू प्रो. उमा शंकर चौधरी ने आवेदन को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। विश्वविद्यालय में नए नियमों के तहत पहली बार पीएचडी प्रोग्राम में दाखिला लिया जा रहा है।
नए नियमों के अनुसार यूजीसी नेट, जेआरएफ, नेट (पीएचडी) और जिन विषयों में गेट की परीक्षा होती है, उन विषयों के पास उम्मीदवार ही पीएचडी में दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। यूजीसी नेट का रिजल्ट आने के बाद विश्वविद्यालय ने दाखिला प्रक्रिया शुरू की है।
129 सीटों पर पीएचडी में होगा दाखिला
नोडल अधिकारी डॉ. ओंकार नाथ मिश्र ने बताया कि बीएनएमयू में 19 विषयों में कुल 129 सीटों पर पीएचडी में दाखिला होगा। इनमें फिजिक्स में 2, बॉटनी में 2, हिन्दी में 18, इंग्लिश में 22, कॉमर्स में 2, साइकोलॉजी में 1, फिलॉसफी में 3 और मैथमेटिक्स में 6 सीट हैं।
इसी तरह होम साइंस में 3, मैथिली में 8, इकोनॉमिक्स में 16, सोशियोलॉजी में 19, एंथ्रोपोलॉजी में 2, म्यूजिक में 4, संस्कृत में 2, पीएमईआर में 2, उर्दू में 4, जियोग्राफी में 4 और केमिस्ट्री में 10 सीटें तय की गई हैं।

विश्वविद्यालय स्तर पर नहीं होगा एडमिशन टेस्ट
नए नियमों के तहत इस बार पीएचडी दाखिले के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर पीएचडी एडमिशन टेस्ट (PAT) नहीं होगा। नेट या गेट पास उम्मीदवारों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी और उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों के दाखिले के बाद पीएचडी कोर्स की कक्षाएं शुरू होंगी।
नोडल अधिकारी डॉ. ओंकार नाथ मिश्र ने बताया कि आवेदन और दाखिले से जुड़ी पूरी जानकारी समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है। PAT परीक्षा नहीं होने के कारण इस बार पीएचडी के लिए आवेदन करने वालों की संख्या कम रहने की संभावना है। खासकर कई विषयों में नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की संख्या सीमित होने के कारण सीटों के मुकाबले आवेदन कम आने की उम्मीद है।
डीएसडब्ल्यू प्रो. उमा शंकर चौधरी ने बताया कि निर्धारित योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी 8 से 20 सितंबर तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
