![]()
अमेरिका के मोंटाना के बिलिंग्स शहर में रविवार शाम एक परिवार के 8 लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में 4 बच्चे शामिल हैं। परिवार की प्रवक्ता जेनिफर मर्सर के मुताबिक, मृतक एक ही मिश्रित परिवार की चार पीढ़ियों से थे। इनमें 90 साल से ज्यादा उम्र की परदादी से लेकर 7 साल की बच्ची तक शामिल थी। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6 बजे घर से गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के पीछे से गोलियों की आवाज आ रही थी। इसी दौरान घर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया। पुलिस ने घर के बाहर एक व्यक्ति को खुद को गोली मारने से घायल पाया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वही इस घटना का संदिग्ध था। 911 कॉल में फायरिंग और बच्चे के बेहोश होने की सूचना घटना के समय 911 डिस्पैच सेंटर को गोली चलने और घर के अंदर एक बच्चे के बेहोश होने की सूचना मिली थी। डिस्पैचर ने बताया कि मौके के पास फायर इंजन भेजा जा रहा है। बाद में एक और फायर इंजन भेजने की मांग की गई। डिस्पैचर ने पूछा कि क्या बच्चे को गोली लगी है। जवाब में बताया गया कि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। सिर्फ बच्चे के बेहोश होने की जानकारी मिली थी और यह भी स्पष्ट नहीं था कि वह सांस ले रहा था या नहीं। पुलिस पहुंची तो घर पूरी तरह जल रहा था इमरजेंसी टीमें करीब 6:10 बजे मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घर के बाहर एक व्यक्ति को देखा। इसी दौरान उन्हें फिर गोलियों की आवाज सुनाई दी। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि दमकलकर्मियों को तुरंत घर के अंदर जाने में मुश्किल हुई। बिलिंग्स के फायर चीफ मैट हॉपेल ने बताया कि पहले पुलिस को घटनास्थल सुरक्षित करना पड़ा। इस दौरान आग और बढ़ गई और घर का बड़ा हिस्सा जल गया। आग बुझाने के लिए इस्तेमाल हुए पानी और जले हुए मलबे के कारण घटनास्थल से सबूत जुटाने में भी जांच टीम को परेशानी हो रही है। पड़ोसी ने पटाखों जैसी आवाज सुनी घर से तीन मकान दूर रहने वाले डेविड हिलर ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे के बाद उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। बाद में एक पड़ोसी ने फोन कर इलाके में गोलीबारी की जानकारी दी। बाहर निकलने पर उन्होंने पुलिसकर्मियों को हथियारों के साथ गाड़ियों की आड़ में खड़े देखा और घर से काला धुआं उठता दिखाई दिया। हत्या की वजह अभी सामने नहीं आई पुलिस ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति मृतकों को जानता था, लेकिन हत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। आग कैसे लगी, इसकी भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने तक मामले से जुड़ी कुछ जानकारियां सार्वजनिक नहीं की जाएंगी। परिवार की ओर से जेनिफर मर्सर ने अंतिम संस्कार और दूसरे खर्चों के लिए ऑनलाइन फंडरेजर शुरू किया है। पुलिस ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों को उम्मीद है कि बुधवार को जांच से जुड़ी और जानकारी साझा की जाएगी।
Source link
अमेरिका के मोंटाना में परिवार के 8 लोगों की हत्या:मृतकों में 4 बच्चे; आरोपी ने घर में आग लगाकर खुद को भी गोली मारी
