भागलपुर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चोरी की घटना के बाद दुकान में बैठे पीड़ित दुकानदार और उनकी पत्नी।
भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र स्थित शेरमारी बाजार में दिनदहाड़े एक कपड़ा दुकान से एक लाख रुपए से अधिक की चोरी हो गई। चोर ने दुकानदार के वीडियो कॉल पर व्यस्त होने का फायदा उठाया और काउंटर की चाबी से नकदी, पर्स व महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गया। इस घटना से स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी है।
पीड़ित कपड़ा दुकानदार मुन्ना चौधरी ने बताया कि वे दुकान के काउंटर में चाबी लगाकर बैठे थे। काउंटर में पिछले तीन-चार दिनों की बिक्री के एक लाख रुपये से अधिक नकद और उनका पर्स रखा था। इसी बीच उनके मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। वे अपनी पत्नी को फोन देने के लिए दुकान के अंदर कुछ कदम पीछे हटे। इसी दौरान, मौका तलाश रहा एक व्यक्ति दुकान में घुसा और चाबी से काउंटर खोलकर पर्स निकाल लिया।

सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोर को पहचानने की कोशिश में जुटी पुलिस और दुकानदार।
चोर के दुकान से निकलते ही नजर पड़ी, भागने में कामयाब रहा आरोपी
चोर जैसे ही पर्स लेकर दुकान से बाहर निकलने लगा, दुकानदार मुन्ना चौधरी की नजर उस पर पड़ गई। चौधरी ने तुरंत आरोपी का पीछा करना शुरू किया और बीआरसी से आगे कुन्नन साह के घर तक उसका पीछा किया। हालांकि, चोर तेज गति से भागने में सफल रहा। भागने के दौरान चोर की एक चप्पल मौके पर छूट गई।
दुकानदार के अनुसार, चोरी हुए पर्स में एक लाख रुपये से अधिक की नकदी के साथ-साथ एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। चोरी के बाद उन्होंने आसपास के इलाके में आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि चोरी की सूचना देने के एक घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। हालांकि, घटना की जानकारी पीरपैंती थाना प्रभारी और डीएसपी को दे दी गई है।

सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर, जिसमें चोरी का आरोपी भागता दिख रहा है।
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान की कोशिश
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीस सूत्री अध्यक्ष हरेराम शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, पीरपैंती थाना अध्यक्ष पंकज कुमार राउत ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े बाजार की व्यस्त दुकान में हुई इस चोरी की घटना ने स्थानीय व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी की रकम और जरूरी दस्तावेज बरामद करने की मांग की है।

