![]()
जहानाबाद में टेम्पो चालकों ने कथित अवैध वसूली और पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को जिला पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। बिहार राज्य ऑटो रिक्शा यूनियन के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में चालकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान और अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। यूनियन के नेताओं ने बताया कि बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी के कारण बैंक से कर्ज लेकर टेम्पो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। हालांकि, शहर में पर्याप्त टेम्पो स्टैंड की व्यवस्था न होने के कारण चालकों को यात्रियों को सड़क किनारे उतारने और चढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। चालकों का आरोप है कि इसी दौरान पुलिस द्वारा ‘नो-पार्किंग’ का हवाला देकर कार्रवाई की जाती है और कई बार 500 रुपये तक का चालान काट दिया जाता है। इसके अतिरिक्त, टेम्पो चालकों ने शहर में सीएनजी की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि जहानाबाद में सीमित सीएनजी पंप होने के कारण उन्हें ईंधन भरवाने के लिए स्टेशन क्षेत्र की ओर जाना पड़ता है। आरोप है कि इस दौरान रास्ते में पुलिस उन्हें रोककर परेशान करती है। यूनियन ने कुछ दबंग तत्वों पर पुलिस की कथित मिलीभगत से टेम्पो चालकों से प्रतिदिन 10 रुपये की वसूली का भी आरोप लगाया। यूनियन नेताओं के अनुसार, इस संबंध में शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व ऑटो रिक्शा चालक यूनियन के महासचिव संजय कुमार चंद्रवंशी और भाकपा माले राज्य कमिटी सदस्य रविंद्र यादव ने किया। यूनियन ने जिला प्रशासन से टेम्पो चालकों के लिए पर्याप्त स्टैंड की व्यवस्था करने, पुलिस कार्रवाई से राहत देने और कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
Source link
जहानाबाद में टेम्पो चालकों का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन:डीएम कार्यालय के समक्ष अवैध वसूली, पुलिस कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग
