![]()
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में किराये के मकान से टेंट हाउस मजदूर उपेंद्र पासवान का शव मिलने के बाद परिजनों ने उसके साथ रह रही महिला पर हत्या की आशंका जताई है। उपेंद्र करीब चार महीने पहले मीनापुर इलाके की एक शादीशुदा महिला को लेकर घर से निकला था। इसके बाद दोनों किराये के मकान में रह रहे थे। घटना के बाद से महिला का कोई पता नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की मां शकुंतला देवी ने बताया कि उन्हें बेटे की मौत की जानकारी शुक्रवार सुबह मिली। वो आधार कार्ड बनवाने के लिए ब्लॉक गई थीं। इसी दौरान करीब 10 बजे थाने से फोन आया और उपेंद्र की मौत की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि उपेंद्र चार भाइयों में मंझला था और टेंट हाउस में मजदूरी करता था। चार महीने पहले महिला को लेकर घर से निकला था शकुंतला देवी के अनुसार, उपेंद्र की पहले शादी हो चुकी थी और उसके चार बच्चे हैं। करीब चार महीने पहले वह मीनापुर इलाके की दो बच्चों की मां एक शादीशुदा महिला को लेकर घर से चला गया था। इसके बाद दोनों किराये के मकान में रहने लगे। उपेंद्र का एक बेटा भी कुछ समय से उनके साथ रह रहा था। इस मामले को लेकर परिवार और ग्रामीणों के बीच पंचायत में बैठक भी हुई थी। हालांकि, इसके बाद उपेंद्र और महिला के बीच क्या स्थिति थी, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। बच्चे को छोड़कर महिला के फरार होने का आरोप मृतक की मां का आरोप है कि घटना की रात उपेंद्र के साथ रह रही महिला अपने बच्चे को वहीं छोड़कर चली गई। अगले दिन किराये के मकान में उपेंद्र का शव मिला। इसके बाद से महिला का कोई पता नहीं है। इसी आधार पर परिजनों ने महिला पर संदेह जताया है। शकुंतला देवी ने आशंका जताई कि उनके बेटे की हत्या महिला ने कराई है। हालांकि, महिला की भूमिका और हत्या के कारण की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। क्या है पूरा मामला 18 सितंबर की सुबह दूध देने वाला व्यक्ति रोज की तरह मकान में पहुंचा। मकान मालिक के अनुसार, पहले किरायेदार को दूध देने के बाद वह उपेंद्र के कमरे पर गया और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा सटा हुआ था, धक्का देने पर खुल गया। अंदर उपेंद्र का शव देखकर उसने शोर मचाया और डायल-112 को सूचना दी। सीसीटीवी और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस पुलिस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच जारी है।
Source link
पत्नी, 4 बच्चों को छोड़…दो बच्चों की मां संग भागा:मुजफ्फरपुर में मकान में मिली युवक की लाश, लिवइन पार्टनर फरार; मां बोली- प्रेमिका ने हत्या कराई
