![]()
सावन मास की दूसरी सोमवारी पर राजगीर की पहाड़ियों पर स्थित ऐतिहासिक बाबा सिद्धनाथ मंदिर में शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह 4 बजे से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के इलाकों से पहुंच रहे शिवभक्तों ने असीम आस्था के साथ वैभारगिरि पर्वत की कठिन चढ़ाई कर महादेव के दर्शन किए। करीब 536 सीढ़ियों की चढ़ाई कर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान एक छोटा बच्चा मंदिर की सीढ़ियां चढ़ता नजर आया। भारी भीड़ को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता स्वयं पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और क्यूआरटी तैनात श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन और नालंदा पुलिस की तरफ से पूरे क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलग से एक क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है। इसके अलावा मेला क्षेत्र में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग कराई जा रही है। रविवार रात से ही शिव मंदिर (सिद्धनाथ मंदिर) परिसर में क्यूआरटी को तैनात कर दिया गया था, जिससे बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से और चुस्त-दुरुस्त ढंग से निगरानी की जा रही है। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए किया गया डायवर्जन मेले के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिस ने विशेष प्रबंध किए हैं। डीएसपी ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कई निर्धारित पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो रूट डायवर्जन का काम कर रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल रही है। देवघर से आने वाले कांवड़ियों के लिए 5 आवासन स्थल श्रावणी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु झारखंड के देवघर (बाबाधाम) से जलाभिषेक कर राजगीर आते हैं। श्रद्धालु यहां स्नान करने के बाद बाबा सिद्धनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने राजगीर में पांच विशेष आवासन स्थल (ठहरने के स्थान) बनाए हैं। डीएसपी के अनुसार, इन आवासन स्थलों पर कांवड़ियों के लिए समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि वे आराम कर सके और पूरी श्रद्धा व शांतिपूर्वक सिद्धनाथ मंदिर जाकर अपनी पूजा संपन्न कर सकें।
Source link
सावन सोमवारी: बाबा सिद्धनाथ मंदिर में उमड़ा जनसैलाब:वैभारगिरी पर्वत पर महादेव की पूजा-अर्चना; मेला क्षेत्र में पुलिस और क्यूआरटी तैनात
