![]()
श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर सदर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध सांख धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा। सांख धाम में रजोरा, तुलसीपुर, तरैया, अझौर, परना, वनद्वार, चांदपुरा, कैथ, बरैठ, दमदमा, वनवारा, मानिकपुर समेत आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। उन्होंने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और अक्षत अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना की। दूसरी सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर के बाहर भी काफी चहल-पहल देखी गई। फूल-माला, बेलपत्र, धूप-अगरबत्ती, प्रसाद, दूध और पूजा सामग्री की दुकानें सजी थीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। भक्तों की आस्था का केंद्र स्थानीय श्रद्धालुओं के अनुसार, सांख धाम में स्थापित प्राकृतिक शिवलिंग के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। ऐसी मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने पर भगवान भोलेनाथ भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं। श्रावण मास के अतिरिक्त, वसंत पंचमी पर भी यहां एक विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में भक्त आते हैं। मंदिर समिति के संचालक राजीव कुमार, अध्यक्ष राम कुमार, सचिव राकेश कुमार और कोषाध्यक्ष श्यामदेव साह सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई और पूजा-अर्चना सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
Source link
सांख धाम में श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक:सुबह से ही लगी भक्तों की लंबी कतार, पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की
