Headlines

शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर जानलेवा हमले में FIR:एक टीचर अरेस्ट, प्रमाण पत्र की जांच और पोस्टिंग विवाद की आशंका




भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। घायल जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिव शक्ति कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक टीचर को नामजद करते हुए छह अज्ञात नकाबपोश हमलावरों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी शिक्षक राजगीर शर्मा को गिरफ्तार कर कर लिया है। अजीमाबाद थाना क्षेत्र के ताराचक गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में सहार प्रखंड के खैरा कन्या मध्य विद्यालय में कार्यरत हैं। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे एक प्रमाण पत्र की जांच और पदस्थापना को लेकर चल रहे विवाद की बात सामने आ रही है। हत्या के प्रयास सहित भारतीय न्याय संहिता की छह धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गाड़ी रोककर किया हमला प्राथमिकी के अनुसार, गुरुवार की देर शाम डीपीएम (एमडीएम) शिव शक्ति कुमार, डीपीओ राहुल रंजन और क्लर्क वेंकटेश कुमार कार से लौट रहे थे। रतनपुर-सनदिया पुल के पास आरा-पटना हाईवे पर बाइक और कार से पहुंचे पांच-छह हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और बैट से कार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कार के शीशे तोड़ दिए और अधिकारियों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। करीब दस मिनट तक चली मारपीट में डीपीओ, डीपीएम और क्लर्क घायल हो गए। हमले में वेंकटेश कुमार का एक दांत भी टूट गया। ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हस्तक्षेप कर तीनों अधिकारियों को हमलावरों के चंगुल से बचाया। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई। अफरा-तफरी के बीच ग्रामीणों ने एक हमलावर राजगीर शर्मा को मोबाइल सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मोबाइल, अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *