![]()
मुजफ्फरपुर के मीनापुर प्रखंड में बीमा की राशि को लेकर महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पहले पति की मौत के बाद मिली करीब 20 लाख रुपए की बीमा राशि को लेकर कथित तौर पर ससुराल वाले महिला पर दबाव बना रहे थे। महिला ने दो महीने पहले ही अपने देवर से दूसरी शादी की थी। अब शादी के करीब दो महीने बाद उसका शव ससुराल से करीब 8 किलोमीटर दूर बूढ़ी गंडक नदी में रघई पुल के नीचे मिला है। मृतका की पहचान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के टेंगरारी धपहर गांव निवासी अमोद सहनी की पत्नी सुमित्रा देवी (29) के रूप में हुई है। शुक्रवार को पानापुर ओपी क्षेत्र में रघई पुल के पास नदी में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। शानिवार को शव लेने पहुंचे भाई ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। पहले पति की नदी में डूबने से हुई थी मौत मृतका के भाई रितेश कुमार के अनुसार सुमित्रा की पहली शादी वर्ष 2014 में राजू सहनी से हुई थी। वर्ष 2024 में राजू की बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सुमित्रा को बीमा और अन्य मदों से करीब 28-30 लाख रुपये मिले थे। इनमें करीब 20 लाख रुपये बीमा की राशि बताई जा रही है। रितेश का आरोप है कि बीमा की रकम मिलने के बाद से ससुराल वाले सुमित्रा पर पैसे देने का दबाव बना रहे थे। पैसे को लेकर उसके साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। करीब दो महीने पहले सुमित्रा ने अपने देवर अमोद सहनी से दूसरी शादी कर ली थी। मायके वालों का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद भी बीमा की रकम को लेकर प्रताड़ना जारी रही। दो दिन से लापता थी, फिर नदी में मिला शव परिजनों के अनुसार छह अगस्त को सुमित्रा के लापता होने की जानकारी मायके वालों को दी गई। परिजन उसकी तलाश में ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां सुमित्रा नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी गई। अगले दिन रघई पुल के पास झाड़ियों में सुमित्रा का शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव घर से करीब आठ किलोमीटर दूर मिला। मायके वालों का आरोप है कि सुमित्रा की हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नदी में फेंका गया। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने की बात भी परिजनों ने कही है। पति समेत चार पर हत्या का आरोप, तीन गिरफ्तार मृतका की मां श्रीपति देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में पति अमोद सहनी, ससुर बैजू सहनी, देवर राजकुमार सहनी और सास संजू देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीमा की रकम के लिए सुमित्रा की हत्या की गई और शव को नदी में फेंक दिया गया। मामले में पानापुर ओपी पुलिस ने मृतका के पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पुलिस हत्या, शव को नदी में फेंके जाने और बीमा की राशि से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
Source link
मुजफ्फरपुर में महिला का घर से 8KM दूर मिला शव:पति की मौत के बाद देवर से की थी दूसरी शादी, बीमा के 20 लाख के लिए हत्या का आरोप
