![]()
जमुई के सांसद अरुण भारती ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर जिले में एक आयुध निर्माण इकाई स्थापित करने की मांग रखी। इस पहल का उद्देश्य जमुई जिले को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाना है। सांसद ने इंटरनेट मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि जमुई में युवा शक्ति, पर्याप्त भूमि, कुशल कार्यबल और उद्योग की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यहां आयुध निर्माण इकाई की स्थापना जिले के विकास की दिशा बदल सकती है। अरुण भारती ने इस बात पर जोर दिया कि जमुई सहित पूरे दक्षिण बिहार के बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी यदि जमुई में आयुध निर्माण इकाई स्थापित होती है, तो स्थानीय युवाओं को तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। इससे रोजगार के लिए होने वाला पलायन कम होगा और जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सांसद ने कहा कि जमुई की उपलब्ध संभावनाओं को रोजगार और औद्योगिक अवसर में बदलने की आवश्यकता है। आयुध निर्माण इकाई स्थापित होने से प्रत्यक्ष रोजगार के साथ-साथ इससे जुड़े सहायक उद्योग, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सेवाओं के भी विकसित होने की संभावना है। इससे जिले में निवेश का माहौल तैयार होगा और स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिल सकता है। ‘मेक इन इंडिया’ नीतियों के अनुरूप मांग उन्होंने अपनी मांग को केंद्र सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ नीतियों के अनुरूप बताया, जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही हैं। सांसद ने कहा कि जमुई की भौगोलिक स्थिति और उपलब्ध मानव संसाधन इसे रक्षा क्षेत्र से जुड़ी औद्योगिक इकाई के लिए उपयुक्त बनाते हैं। सांसद अरुण भारती ने विश्वास व्यक्त किया कि गृह मंत्री ने उनकी मांग को गंभीरता से सुना है और इस दिशा में सकारात्मक पहल होगी। मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें अरुण भारती और अमित शाह चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि विगत बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जमुई के लक्ष्मीपुर में आयोजित चुनावी सभा में अमित शाह ने भी जमुई में आयुध कारखाना खोले जाने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि जमुई में तैयार गोला-बारूद पाकिस्तान में गिरेगा।अब सांसद की ओर से आयुध निर्माण इकाई की मांग उठाए जाने से इस मुद्दे ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है।स्थानीय लोगों ने भी सांसद की पहल का स्वागत किया है।
Source link
बोले-'जमुई में तैयार गोला-बारूद पाकिस्तान में गिरेगा':सांसद ने अमित शाह से की मुलाकात,आयुध निर्माण इकाई की स्थापना की मांग
