![]()
सीतामढ़ी के मेजरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुआड़ी मदन पंचायत के वार्ड संख्या-2 में गुरुवार को करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वकील साह(48) और उनकी पत्नी पानो देवी(46) के रूप में हुई है। परिजन के अनुसार, वकील साह अपने घर में पंखे का तार जोड़ रहे थे, तभी अचानक वे करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी पानो देवी भी करंट की चपेट में आ गईं। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। पति-पत्नी की एक साथ हुई मौत परिजन आनन-फानन में दोनों को मेजरगंज रेफरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मेजरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 3 दिनों से बिजली लाइन में थी गड़बड़ी परिजनों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि गांव से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन में पिछले तीन दिनों से लगातार गड़बड़ी थी। इसकी शिकायत विभाग से की गई थी, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। परिजनों का कहना है कि यदि विभाग ने तत्परता दिखाई होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। मेजरगंज थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतामढ़ी में करंट लगने से पति-पत्नी की मौत:मेजरगंज में पंखे का तार जोड़ते समय हादसा, 3 दिनों से बिजली लाइन में थी गड़बड़ी
