सहरसा के बख्तियारपुर में मारपीट-फायरिंग, दोनों पक्षों पर FIR:एक को लगी गोली , दूसरे की आंख-बाजू में गंभीर चोटें




सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में बीते 3 अगस्त की रात हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन एफआईआर दर्ज की है। इस हिंसक झड़प में एक अधेड़ व्यक्ति की जांघ में गोली लगी है, जबकि दूसरे पक्ष के एक युवक की आंख में गंभीर चोट आई है और उसके बाजू में मल्टीपल फ्रैक्चर हुआ है। दोनों घायलों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर अस्पताल पहुंचे सब इंस्पेक्टर गुंजन कुमार ने दोनों घायलों के बयान दर्ज किए। इन्हीं बयानों के आधार पर बख्तियारपुर थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहले पक्ष की ओर से भट्टा टोला (वार्ड संख्या-15) निवासी लालू कुमार (पिता विजय यादव) ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 3 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे वह अपने पिता विजय यादव और चाचा पप्पू खां के साथ घर के बरामदे में बैठे थे। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से की फायरिंग इसी दौरान मो. महसर, मो. महबूब, मो. ऐनुल, मो. फिरोज सहित लगभग 10 अन्य अज्ञात लोग लाठी-डंडे और हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से 4 से 5 राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उनके पिता विजय यादव की बाईं जांघ में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लालू कुमार के बयान पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कांड संख्या 252/26 दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की ओर से पहाड़पुर (वार्ड संख्या-02) निवासी मो. महसर आलम (पिता मो. अख्तर अली) के बयान में उनकी बहन रेहाना प्रवीण ने बताया। उनके अनुसार,मेहसर अपनी मां और बहन को सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर कोसी एक्सप्रेस में बैठाकर बाइक से घर लौट रहे थे। भट्टा टोला के पास सड़क पर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। रास्ता खाली कराने के लिए हॉर्न बजाने पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार (खंती) से हमला कर दिया। इस हमले में महसर के सिर, आंख और बाजू में गंभीर चोटें आईं। मो. महसर आलम के बयान पर पुलिस ने कांड संख्या 253/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। निजी अस्पताल में चल रहा इलाज गंभीर रूप से घायल मो. महसर आलम को प्राथमिक उपचार के बाद सहरसा के अनिता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के डॉ. सिद्धार्थ प्रियदर्शी ने बताया कि मरीज की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि, उनके बाजू में मल्टीपल फ्रैक्चर है और आंख में गंभीर चोट आई है। आंख का उपचार नेत्र विशेषज्ञ डॉ. गणेश कुमार की देखरेख में किया जा रहा है। वहीं प्रथम पक्ष के जख़्मी का ईलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जय शंकर कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना में घायल दोनों व्यक्तियों का इलाज पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *