![]()
कटिहार की मिशा सिंह को उनके अभिनव स्टार्टअप और खाद्य आपूर्ति श्रृंखला (कोल्ड चेन) के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण पत्र प्राप्त हुआ है। मिशा सिंह कटिहार सदर प्रखंड के छीटाबाड़ी गांव की निवासी हैं। उन्होंने बिहार के किशनगंज से एम.एससी. एग्रीकल्चर की पढ़ाई पूरी की है। वर्ष 2023 से वह अपने स्टार्टअप के जरिए लॉजिस्टिक्स, मार्केटिंग और खाद्य उत्पादों के सुरक्षित परिवहन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके स्टार्टअप का मुख्य उद्देश्य मछली सहित शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों को अंतिम उपभोक्ता तक सुरक्षित और ताज़ा स्थिति में पहुंचाना है। उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री होगी उपलब्ध मिशा सिंह के अनुसार, खाद्य पदार्थों के परिवहन और भंडारण में कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड ट्रकों का प्रभावी उपयोग उत्पादों की गुणवत्ता को लंबे समय तक बनाए रख सकता है। इससे खाद्य पदार्थों की बर्बादी कम होगी, किसानों और व्यापारियों को बेहतर लाभ मिलेगा, साथ ही उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आने वाले खाद्य उत्पाद बाजार तक तो पहुंच जाते हैं, लेकिन मजबूत कोल्ड चेन व्यवस्था के अभाव में अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचते-पहुंचते उनकी गुणवत्ता प्रभावित होती है। इस समस्या के समाधान के लिए उनका स्टार्टअप आधुनिक कोल्ड चेन सिस्टम को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इस वर्ष देशभर से पांच राज्यों के प्रतिभागियों को इस विशेष सम्मान के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें असम, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश (वाराणसी), ओडिशा और बिहार शामिल हैं। बिहार से चयनित एकमात्र प्रतिभागी मिशा सिंह हैं।
Source link
कटिहार की मिशा सिंह को राष्ट्रपति भवन से न्यौता:स्वतंत्रता दिवस पर खाद्य आपूर्ति श्रृंखला स्टार्टअप के लिए राष्ट्रीय सम्मान
