Headlines

नालंदा में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:जलती चिता बुझाकर पुलिस ने राख को फॉरेंसिक के लिए भेजा; मायका पक्ष बोला- हत्या कर सबूत मिटाए




नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पार्थु गांव में बुधवार को 20 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को जलाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सहायक थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे गुप्त सूचना मिली थी कि पार्थु गांव के खंधा श्मशान घाट पर एक नवविवाहिता का शव साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आनन-फानन में जलाया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शव काफी हद तक जल चुका था। पुलिस ने तुरंत चिता की आग बुझाई और बची हुई राख को कब्जे में लिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए ‘क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला, राजगीर’ भेज दिया गया है। शादी के पांच महीने बाद ही उजड़ा सुहाग, प्रताड़ना का आरोप मृतका की पहचान पार्थु गांव निवासी नीतीश बिंद की पत्नी (20) काजल कुमारी के रूप में हुई है। हरनौत थाना क्षेत्र के नियामतपुर निवासी मृतका के पिता मनोज बिंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी महज पांच माह पूर्व ही की थी। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही काजल के साथ ससुराल में मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। ससुराल वालों ने पहले गला दबाकर उसकी हत्या की फिर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रसोईघर में फंदे से लटका दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए बिना मायके वालों को बताए शव को जलाने श्मशान ले गए। पिता के अनुसार, बुधवार को किसी ने उन्हें फोन पर इस बात की सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को इत्तला की। चेन्नई में मजदूरी करते हैं पति और ससुर पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना के वक्त घर में केवल मृतका की सास और उसका 10 वर्षीय देवर ही मौजूद थे। काजल का पति नीतीश और ससुर दोनों चेन्नई में रहकर मजदूरी करते हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मायके पक्ष के आरोपों को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा राजगीर से फॉरेंसिक रिपोर्ट आने और विस्तृत अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *