![]()
दरभंगा के अलीनगर में पत्रकारों ने भाजपा एमएलसी देवेश कुमार के इस्तीफे और उनकी जगह दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजे जाने की चर्चाओं पर सवाल पूछा। इस पर मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि दिनभर आज दरभंगा में आपके साथ हूं। उन्होंने किस उद्देश्य से इस्तीफा दिया है, इसकी भी मुझे जानकारी नहीं है। पूरी जानकारी के बिना इस विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। दरअसल, बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर दरभंगा पहुंचे। सिंहवाड़ा प्रखंड के बिठौली चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने जिला परिषद कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। निर्धारित कार्यक्रम से करीब ढाई घंटे विलंब से वह बेनीपुर प्रखंड की रमौली पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने आरटीपीएस काउंटर का उद्घाटन कर पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। रमौली पंचायत के मुखिया रौशन कुमार मिश्रा ने मंत्री को पंचायत की विकास संबंधी चुनौतियों से अवगत कराते हुए कहा कि जिला प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय होने से विकास योजनाओं का क्रियान्वयन और प्रभावी होगा। उन्होंने बताया कि समन्वय के अभाव में कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। जनसंवाद में लोग बोले- हमारे पंचायत में 10 हजार वोटर, लेकिन बैंक तक नहीं जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री को आवेदन सौंपकर पंचायत में बैंक शाखा खोलने, पेयजल संकट, जलनिकासी व्यवस्था और बरसात के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या का समाधान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 10 हजार से अधिक मतदाताओं वाली रमौली पंचायत में अब तक बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं है। मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सड़क नहीं होने से अधलोआम के बजाय पकड़ी पंचायत पहुंचे मंत्री रमौली पंचायत के बाद मंत्री का कार्यक्रम अलीनगर प्रखंड की अधलोआम पंचायत का था, लेकिन पंचायत सरकार भवन तक सड़क निर्माण नहीं होने के कारण उनका कार्यक्रम बदल दिया गया। इसके बाद वह पकड़ी पंचायत पहुंचे, जहां नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। ‘जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं’ इस दौरान मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार पंचायत स्तर पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायत सरकार भवनों का निर्माण करा रही है, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को समीक्षा बैठक और प्रेस वार्ता मंत्री का रात्रि विश्राम दरभंगा जिला अतिथि गृह में होगा। शनिवार को वह एनडीए नेताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे, आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और पत्रकारों से प्रेस वार्ता करेंगे। इसके बाद जिला समाहरणालय में विभागीय समीक्षा बैठक में भाग लेकर पटना रवाना होंगे। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष रेणु देवी, जिला परिषद सदस्य स्वतंत्र झा, पंचायत समिति सदस्य राघव झा उर्फ मग्नू, धीरज झा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link
'मुझे कोई जानकारी नहीं, मैं तो आपके साथ हूं':दरभंगा में देवेश के इस्तीफे पर पंचायती मंत्री का जवाब, बुजुर्ग के हाथों पंचायत भवन का कराया शुभारंभ
