गयाजी3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बोधगया के नेवतापुर स्थित द हंगर बाइट रिसोर्ट में कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उपद्रव मचाया। बेखौफ बदमाशों ने रिसोर्ट के अंदर घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। बदमाशों ने वहां मौजूद कस्टमर को जान से मारने की धमकी भी दी। ये पूरी वारदात रिसोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। घटना के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना की शुरुआत तब हुई जब कुछ युवक रिसोर्ट पहुंचे। वे वहां शराब पीना चाहते थे और स्विमिंग पूल में नहाने की जिद कर रहे थे। रिसोर्ट के स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की। स्टाफ ने युवकों को बताया कि स्विमिंग पूल का पानी अभी गंदा है। उसमें सफाई का काम चल रहा है। इसलिए वे थोड़ी देर इंतजार कर लें।
आरोप है कि रेस्टोरेंट स्टाफ की ओर से मना किए जाने की बातें युवकों को नागवार गुजरी। वे रिसोर्ट के कर्मचारियों पर भड़क गए। उस समय तो वे बहस करने के बाद वहां से चले गए। लेकिन उनके मन में रंजिश बनी रही।

इसी स्विमिंग पूल में बदमाश नहाने के साथ-साथ शराब पीने की जिद पर अड़े थे।
मंगलवार रात करीब 8 बजे दोबारा बदमाश रिसॉर्ट पहुंचे
आरोप है कि रात करीब आठ बजे हमलावर दोबारा वहां पहुंचे। इस बार दो स्थानीय दबंग अपने अन्य साथियों के साथ आए। सभी लोग अत्यधिक नशे की हालत में थे। रिसोर्ट में दाखिल होते ही उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दिया।
आरोपियों ने बिना कुछ सोचे-समझे रिसोर्ट के कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों को भी नहीं बख्शा गया। बदमाशों ने रिसोर्ट में ठहरे ग्राहकों के साथ भी बदसलूकी की।
कस्टमरों को दस तक कि गिनती पूरी होने से पहले रेस्टोरेंट से चले जाने की बात कही और गिनती शुरू कर दी। इससे कस्टमर भी भयभीत हो गए। उन्होंने कर्मचारियों और पर्यटकों को सीधे जान से मारने की धमकी दी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
बदमाशों की यह पूरी दबंगई रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में आरोपियों को साफ तौर पर उत्पात मचाते और मारपीट करते देखा जा सकता है।
घटना के बाद रिसोर्ट के स्टाफ मैनेजर ने तुरंत इसकी जानकारी रिसोर्ट के मालिक रोशन कुमार को दी। सूचना मिलते ही प्रबंधन तुरंत हरकत में आया। इसके बाद बोधगया पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। रिसोर्ट प्रबंधन ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। जांच की सत्यता के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जांच पूरी होते ही दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। दूसरी ओर, इस अचानक हुई हिंसात्मक घटना के बाद से रिसोर्ट में काम करने वाले कर्मचारियों में काफी डर का माहौल है।

