Headlines

औरंगाबाद में रॉड, लाठी-डंडे से पीट-पीटकर युवक की हत्या:परिजन बोले- बाजार से लौटते वक्त आरोपियों ने घर ले जाकर मारपीट की, हिरासत में 5 आरोपी




औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना मदनपुर बाजार स्थित कचहरी रोड की है। मृतक की पहचान जितेंद्र प्रसाद के 30 साल के बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार की रात करीब 10 बजे विकास बाजार से अपने घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले दिलीप कुमार वर्मा ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और अपने घर के अंदर ले गए। मृतक के भाई प्रवीण कुमार के अनुसार, घर के अंदर विकास के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की गई, जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रवीण कुमार अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर मदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर की तलाशी ली और मकान के ऊपरी हिस्से से गंभीर रूप से घायल विकास को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत पुलिस और परिजनों की मदद से घायल विकास कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव जब घर पहुंचा तो परिजन उससे लिपटकर रोने लगे। घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास का माहौल गमगीन हो गया। जानकारी के अनुसार विकास तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों के मुताबिक वह मानसिक रूप से कमजोर था। बताया गया है कि वह अक्सर आसपास के घरों में चला जाता था और इसी क्रम में कई बार दिलीप कुमार वर्मा के घर में भी चला जाता था। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस, हिरासत में पांच आरोपी युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विकास को घर के अंदर क्यों ले जाया गया और उसके साथ मारपीट की पूरी घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के साथ-साथ पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार या अन्य सामान कहां हैं। फिलहाल पुलिस की जांच, एफएसएल की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। घटना के बाद कचहरी रोड इलाके में भी तनाव और चर्चा का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *