Headlines

आरा, पटना में सब इंस्पेक्टर के घर EOU की छापेमारी:भभुआ में तैनात पुलिसकर्मी पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, तीन मंजिला मकान में पड़ताल जारी



आरा शहर के अवधपुरी इलाके में एक पुलिसकर्मी के घर बुधवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने छापेमारी की है। पुलिसकर्मी अमित कुमार गुप्ता फिलहाल भभुआ में मोबाइल सब इंस्पेक्टर के पोस्ट पर तैनात हैं। कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अधिकारी पर आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 150 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसी मामले में EOU की एक टीम पटना जिले के दानापुर क्षेत्र के आंसुपुर स्थित फ्लैट नंबर 609 पर भी जांच कर रही है। मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक कार की भी जांच बुधवार सुबह EOU की टीम अचानक अवधपुरी स्थित मकान पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की। टीम के अधिकारी मकान के एक-एक कमरे और कोने की बारीकी से जांच कर रहे हैं। घर में मौजूद दस्तावेज, जमीन और मकान से जुड़े कागजात, वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामानों को खंगाला जा रहा है। मकान परिसर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार भी टीम की जांच के दायरे में है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार गुप्ता 2014 बैच के मोबाइल सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में भभुआ में पदस्थापित हैं। आरोप है कि नौकरी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने जमीन, मकान समेत बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति अर्जित की। EOU की कार्रवाई के बाद जांच टीम संपत्तियों और उनके आय के स्रोतों के बीच सामंजस्य की पड़ताल कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेज और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *