![]()
किशनगंज नगर परिषद बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को नगर परिषद कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर के विकास और व्यवस्था से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शहर के टाउन हॉल की जगह एक बड़े मॉल के निर्माण को स्वीकृति मिली। इसके साथ ही, डेमार्केट स्थित अपूर्वा मार्केट को सुपर मार्केट के रूप में विकसित किया जाएगा। वार्ड संख्या 24 में स्थित बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी सहमति बनी। योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए पांच सदस्यीय योजना समिति मनोनीत करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। स्ववित्त योजनाओं से बनी सभी दुकानों की समीक्षा की जाएगी। जर्जर दुकानों को ध्वस्त कर उनका पुनर्निर्माण होगा और किराए के पुनरीक्षण (रेट रिवीजन) को भी मंजूरी दी जाएगी। मानसून को देखते हुए शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जलजमाव की समस्या का त्वरित समाधान निकालने पर भी सहमति बनी। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए माधव नगर सब्जी मंडी को सड़क से हटाने का निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान कुछ विशेष वार्डों में पहले से स्वीकृत योजनाओं को निरस्त किए जाने पर भी गंभीर चर्चा हुई। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, उपमुख्य पार्षद निखत प्रवीण, पार्षद आची देवी जैन सहित सुशांत गोप, मोहम्मद कलीमुद्दीन, देवेन यादव, जमशेद आलम, मनीष जालन, विजय रंजन देव, अंजार आलम, शबनम खातून, दीपाली सिंह, मालती देवी, गजाला मज़हर, गायत्री सहा और अन्य पार्षद उपस्थित रहे।
Source link
किशनगंज में बनेंगे मॉल और सुपर मार्केट:नगर परिषद बैठक में कई योजनाएं स्वीकृत; बस स्टैंड का सौंदर्यीकरण होगा
