![]()
गयाजी में पासपोर्ट बनवाने वालों के लिए राहत की खबर है। जिले में पहली बार पांच दिवसीय विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लगाया जा रहा है। बोधगया और शेरघाटी में यह शिविर लगेगा। इसमें आवेदकों को अपने जिले में ही पासपोर्ट से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा मिलेगी। बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (BTMC) परिसर में 21 सितंबर को शिविर लगा, 22 सितंबर को भी लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय परिसर में मोबाइल वैन पहुंचेगी। पांच दिनों में कुल 275 अपॉइंटमेंट स्लॉट रखे गए हैं। हर दिन 55 आवेदकों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बोधगया में 110, शेरघाटी में 165 स्लॉट बोधगया में दो दिनों के लिए 110 स्लॉट उपलब्ध हैं। वहीं शेरघाटी में तीन दिनों के लिए 165 स्लॉट रखे गए हैं। आवेदकों को पहले पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद अपॉइंटमेंट बुक करना होगा। शिविर में आवेदन से जुड़े दस्तावेजों की जांच होगी। इसके साथ ही बायोमेट्रिक की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार पासपोर्ट आवेदक के पते पर भेजा जाएगा। पांच साल में 75.5% बढ़े आवेदन गयाजी में पासपोर्ट बनवाने की मांग लगातार बढ़ी है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में जिले से 7,518 पासपोर्ट आवेदन मिले थे। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 13,193 हो गई। यानी पांच साल में आवेदनों में 75.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसी अवधि में निबटाए गए आवेदनों की संख्या भी बढ़ी है। 2021 में 6,988 आवेदन संसाधित किए गए थे। 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 12,380 हो गया। इसमें करीब 77.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण लोगों को पासपोर्ट सेवा के लिए इंतजार करना पड़ता है। इसी को देखते हुए अधिक मांग वाले क्षेत्रों में मोबाइल वैन शिविर लगाया जा रहा है। IIM बोधगया में भी लग चुका है शिविर जिले में इससे पहले वर्ष 2024 में IIM बोधगया में विशेष पासपोर्ट सेवा शिविर लगाया गया था। अप्रैल 2024 से बिहार में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से आयोजित होने वाला यह 21वां विशेष मोबाइल वैन शिविर है। अब तक बिहार के अलग-अलग जिलों और संस्थानों में ऐसे शिविरों से करीब 3 हजार आवेदक लाभ ले चुके हैं। पोर्टल से ही बुक करें स्लॉट आवेदकों से अपॉइंटमेंट केवल आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल से बुक करने को कहा गया है। शिविर में जाने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। अपॉइंटमेंट में दिए गए समय पर ही पहुंचना होगा।
1 जुलाई 2026 से लागू संशोधित पासपोर्ट आवेदन शुल्क इन शिविरों में भी लागू होगा। आवेदकों को शुल्क और दस्तावेजों की जानकारी आधिकारिक स्रोत से लेने की सलाह दी गई है। पासपोर्ट कार्यालय ने अनधिकृत एजेंटों और बिचौलियों से बचने की अपील की है।
Source link
गयाजी में 5 दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर:बोधगया-शेरघाटी में 275 स्लॉट उपलब्ध, रोज 55 आवेदकों को मिलेगी सुविधा
