Headlines

मधुबनी पुलिस का विशेष अभियान, 80 गिरफ्तार:807 लीटर शराब, 1.30 क्विंटल गांजा और हथियार जब्त किया




मधुबनी, 19 जुलाई। मधुबनी जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी रविवार दोपहर 1:00 बजे पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) योगेंद्र कुमार ने दी। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 80 आरोपियों में 49 वारंटी, आर्म्स एक्ट के 3, महिला उत्पीड़न के 3, हत्या के प्रयास के 6, शराब से संबंधित मामलों के 14 और अन्य मामलों के 5 आरोपी शामिल हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब और मादक पदार्थ भी बरामद किए। छापेमारी में 807 लीटर देशी और विदेशी शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, एक खोखा, 1 क्विंटल 30.7 किलोग्राम गांजा, छह मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने यह भी बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 26 वाहनों से कुल 60 हजार रुपये का राजस्व वसूला गया। न्यायालय से जारी आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने 41 गिरफ्तारी वारंटों का निष्पादन किया। साथ ही, 9 कुर्की-जब्ती मामलों का भी निष्पादन किया गया। एसएसपी ने कहा कि मधुबनी पुलिस अपराधियों, शराब तस्करों, मादक पदार्थों के कारोबारियों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, अवैध शराब या मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *