![]()
बांका जिले के रजौन प्रखंड की तिलकपुर ग्राम पंचायत में 16वें वित्त आयोग की योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत की उपमुखिया रीना देवी सहित कई वार्ड सदस्यों ने मुखिया और पंचायत सचिव पर बिना सहमति के योजनाएं चयनित कर सरकारी पोर्टल पर अपलोड करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, रजौन को लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।शिकायत की प्रतियां जिला पंचायती राज पदाधिकारी और जिलाधिकारी, बांका को भी भेजी गई हैं। गांव के वार्डों को प्राथमिकता देने का भी आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि 16वें वित्त आयोग की योजनाओं के चयन में वार्ड सदस्यों से कोई सहमति नहीं ली गई। मुखिया और पंचायत सचिव पर मनमाने ढंग से योजनाएं चुनने और अपने गांव के वार्डों को प्राथमिकता देने का भी आरोप है। वार्ड सदस्यों ने पूर्व में कराए गए कार्यों में भी कथित वित्तीय अनियमितता की जांच की मांग की है। शिकायत में ग्राम फेजपुर में नाला निर्माण का कार्य अधूरा होने के बावजूद पूरी राशि निकालने का आरोप लगाया गया है। इसी तरह,मुरादपुर में वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट का काम अधूरा रहने के बावजूद पूरी राशि निकालने की बात कही गई है।पंचायत सरकार भवन की मरम्मत का कार्य भी पूरा न होने और स्वीकृत राशि की निकासी किए जाने का आरोप है। पूर्व में भी कई योजनाओं की राशि निकाली गई
शिकायतकर्ताओं ने संबंधित योजनाओं की स्थल जांच,भुगतान और अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उपमुखिया रीना देवी ने आरोप लगाया कि मुखिया द्वारा कई योजनाएं बिना आम सूचना के ही पारित कर दी जाती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में भी कई योजनाओं की राशि निकाली गई है, जबकि वे योजनाएं केवल कागजों पर ही मौजूद हैं। आवेदन पर 14 अगस्त 2026 की तारीख अंकित है और कई वार्ड सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि योजनाओं के चयन और राशि निकासी में निर्धारित नियमों का पालन हुआ है या नहीं। मुखिया श्रवण मंडल ने बताया कि मेरे ऊपर साजिश के तहत गलत आरोप लगाया जा रहा है।
Source link
बांका के तिलकपुर में 16वें वित्त की योजनाओं पर विवाद:बिना सहमति योजना अपलोड करने का आरोप, अधूरे नाला-यूनिट के भुगतान की भी शिकायत
