Headlines

'NPS भारत छोड़ो,OPS लागू करो' के लगाए नारे:अररिया में शिक्षकों-कर्मचारियों का आंदोलन, पैदल मार्च निकाला




रविवार को बिहार में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों, कर्मचारियों और एएनएम सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों ने व्यापक आंदोलन किया। यह आंदोलन राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन और बिहार एवं अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोप गुट के आह्वान पर आयोजित किया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने पैदल मार्च निकाला और “NPS भारत छोड़ो-OPS लागू करो” के नारे लगाए। पैदल मार्च के बाद पेंशनर समाज भवन में एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोप गुट के जिला सचिव दामोदर शर्मा ने की। कार्यक्रम में महासंघ गोप गुट के प्रदेश महासचिव प्रेम चंद सिन्हा मुख्य अतिथि और बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह महासंघ संघर्ष परिषद के अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सह NMOPS के जिला अध्यक्ष मो. जाफर रहमानी ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है, कोई अनुग्रह नहीं। उन्होंने सांसदों और विधायकों को पेंशन मिलने जबकि वर्षों तक सरकारी सेवा करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को इससे वंचित रखने को गंभीर विसंगति बताया। वक्ताओं ने NPS को कर्मचारियों के भविष्य के लिए अनिश्चित बताया, जबकि OPS को सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला बताया। सभा में ऐच्छिक स्थानांतरण, प्रधान शिक्षकों के मूल वेतन में वृद्धि, वेतन संरक्षण और प्रोन्नति जैसी अन्य मांगों पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में बाणेश्वर वर्मा, वीरेंद्र कुमार, गुंजन, अजीत कुमार सिंह सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। सुनील कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। हजारों की संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, एएनएम और विभिन्न विभागों के कर्मी इस आंदोलन में शामिल हुए। अंत में सभी ने पुरानी पेंशन बहाल होने तक आंदोलन को जारी रखने का संकल्प लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *