![]()
मधेपुरा के कला भवन में रविवार को कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब पांच हजार स्नातक मतदाताओं ने भाग लिया। आयोजकों ने इसे जिले में स्नातक मतदाताओं के बीच पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित संवाद कार्यक्रम बताया। कार्यक्रम में रजनीश रंजन के पहुंचते ही समर्थकों और मतदाताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। मधेपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर प्रणव प्रकाश ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रजनीश रंजन ने कहा कि कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के आशीर्वाद से एमएलसी बनने का मौका मिला तो स्नातक मतदाताओं के हक और अधिकार की आवाज सदन से सड़क तक मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पांच लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपने सात निश्चयों को विस्तार से बताते हुए कहा कि एक पाठ्यक्रम-एक वेतनमान लागू कर वित्त रहित व्यवस्था को समाप्त कराने का प्रयास किया जाएगा। सभी स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदा कर्मियों और बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग सदन में उठाई जाएगी। इसके अलावा वकालतखानों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने और अधिवक्ताओं के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर की स्थापना कराने की बात कही। रजनीश रंजन ने कहा कि जिला मुख्यालय में सुसज्जित पुस्तकालय की व्यवस्था के साथ अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय व ई-लाइब्रेरी स्थापित कराने का प्रयास होगा। वहीं बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ता लागू कराना भी उनके सात निश्चयों में शामिल है। संवाद के दौरान मतदाताओं ने रोजगार, पलायन और स्नातकों की समस्याओं से जुड़े सवाल पूछे। रजनीश रंजन ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। कार्यक्रम में मनीषा रंजन, हर्षवर्धन सिंह राठौर सहित विभिन्न प्रखंडों से जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता मौजूद थे।
Source link
'5 लाख इंटरेस्ट फ्री लोन दिलाने का किया वादा':मधेपुरा में बोले रजनीश रंजन, स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन
