Headlines

शेखपुरा में छात्रवृत्ति के नाम पर साइबर फ्रॉड:लाइब्रेरी-कैफे संचालक गिरफ्तार; 20+ छात्राओं के नाम पर खाते, 35 ATM कार्ड मिले




शेखपुरा जिले के बरबीघा में पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लाइब्रेरी संचालक रवि कुमार और साइबर कैफे संचालक साहिल कुमार शामिल हैं। दोनों पर छात्र-छात्राओं के नाम पर कथित तौर पर फर्जी बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराध से जुड़े पैसों का लेनदेन करने का आरोप है। एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने शनिवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। छात्र-छात्राओं के दस्तावेज का किया दुरुपयोग
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरबीघा नगर क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी अरविंद साव के पुत्र रवि कुमार और मालदा निवासी शंभू साव के पुत्र साहिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरबीघा में संचालित ग्यानवृक्ष लाइब्रेरी के संचालक रवि कुमार और अन्य आरोपियों ने छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग किया। इन दस्तावेजों के जरिए फिनो पेमेंट्स बैंक में छात्रों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए। बाद में इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से जुड़े पैसों के लेनदेन के लिए किया जाने लगा। छात्रवृत्ति फॉर्म भरने के नाम पर लिए आधार और फिंगरप्रिंट
एएसपी के मुताबिक, 5 अगस्त को मिशन थाना क्षेत्र की छात्रा शिवानी कुमारी समेत अन्य छात्राओं के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन स्कॉलरशिप का फॉर्म भरने के नाम पर आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट लिए गए थे। पूछताछ में रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके घर के सामने रहने वाले सोनू कुमार ने प्रत्येक बैंक खाते के बदले पांच हजार रुपये देने का लालच दिया था। इसके बाद उसने कई छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जानकारी लेकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए और उन्हें सोनू कुमार को सौंप दिया। संबंधित छात्र-छात्राओं को इन खातों के बारे में जानकारी नहीं थी। जुलाई से शुरू हुआ संदिग्ध लेनदेन
पुलिस के अनुसार, जुलाई महीने से इन फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर लेनदेन के लिए किया जा रहा था। छात्रा शिवानी कुमारी को जब अपने बैंक खाते में संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली तो उसने तत्काल अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन लाइब्रेरी पहुंचे और संचालक से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गया। बाद में छात्राओं ने थाने में आवेदन देकर मामले की शिकायत की। 20 से अधिक छात्राओं के नाम पर खाते खुलवाने का आरोप
पुलिस ने गिरफ्तार दूसरे आरोपी साहिल कुमार को एयरटेल पेमेंट्स बैंक का सीएसपी संचालक और साइबर कैफे संचालक बताया है। पुलिस के अनुसार, जुलाई में पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप का फॉर्म भरने के दौरान उसने 20 से अधिक छात्राओं के नाम पर कथित तौर पर गुपचुप तरीके से बैंक खाते खुलवाए। इन खातों में लगातार संदिग्ध लेनदेन किए जा रहे थे। पुलिस अब इन खातों के जरिए हुए लेनदेन और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर और 35 एटीएम कार्ड बरामद पुलिस ने कार्रवाई के दौरान साहिल कुमार के पास से एचपी कंपनी का एलीटबुक लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर, लैपटॉप चार्जर, मोबाइल फोन और आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया। उसके पास से फिनो पेमेंट्स बैंक के 14 एटीएम कार्ड भी मिले। वहीं रवि कुमार के पास से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, फिनो बैंक के 21 एटीएम कार्ड और पांच फिनो बैंक पासबुक किट जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, रवि कुमार फिनो पेमेंट्स बैंक की यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर कथित तौर पर फर्जी बैंक खाते खोलने और साइबर फ्रॉड में संलिप्त था। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। घटना के बाद पुलिस ने साइबर अपराध को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। जल्द ही जिले की अन्य लाइब्रेरियों और साइबर कैफे की भी जांच शुरू की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *