किशनगंज के बहादुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक तौसीफ आलम ने खाद की कालाबाजारी और अधिक दाम पर बिक्री को लेकर दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने शनिवार को एक वीडियो संदेश जारी कर यह सख्त निर्देश दिए हैं।
.
विधायक ने स्पष्ट किया कि जिले में यूरिया, डीएपी और अन्य खादों की बिक्री सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर ही होनी चाहिए। यदि कोई भी दुकानदार तय रेट से अधिक दाम पर खाद बेचता पाया गया, तो उसका लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

AIMIM विधायक तौसीफ आलम।
उन्होंने बताया कि यूरिया 266 रुपये और डीएपी 1350 रुपये सहित अन्य खाद तय दरों पर किसानों को उपलब्ध कराए जाएं। विधायक ने किसानों से अपील की कि यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है, तो वे तुरंत कृषि विभाग या विधायक के निजी नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।
किसानों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
विधायक तौसीफ आलम ने किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें खाद के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने किसानों से यह भी आग्रह किया कि यदि कोई दुकानदार अधिक दाम मांगता है या खाद देने से इनकार करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत स्थानीय प्रशासन या उनके कार्यालय में दर्ज कराएं।
