![]()
मधुबनी पुलिस को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। औंसी थाना पुलिस ने 41 किलोग्राम 210 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख 60 हजार 500 रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है और तस्करी में प्रयुक्त एक लाल रंग का टाटा मैजिक सवारी वाहन भी जब्त किया गया है। पुलिस को 07 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे गुप्त सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, एक लाल रंग की टाटा मैजिक वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर रहिका से औंसी की ओर आ रहा था। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर औंसी थाना के सामने सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। दोपहर करीब 2:30 बजे रहिका की ओर से आ रही संदिग्ध मैजिक वाहन को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोककर भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान महेश यादव, पिता स्वर्गीय रामदेव यादव, निवासी क्यामचक, थाना केवटी, जिला दरभंगा के रूप में बताई। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। इसमें दो जूट के बोरों में छिपाकर रखा गया 41.210 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर महेश यादव ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह गांजा धर्मेंद्र कुमार, निवासी केवटी, जिला दरभंगा को पहुंचाने जा रहा था। इस संबंध में औंसी थाना में कांड संख्या 59/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने गांजा, टाटा मैजिक वाहन और एक कीपैड मोबाइल फोन जब्त किया है। मधुबनी पुलिस ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मधुबनी में 41 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार:औंसी पुलिस ने मैजिक वाहन से पकड़ा, नेटवर्क की जांच जारी
