![]()
लखीसराय में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एक भव्य सोलर मेले का आयोजन किया गया। यह मेला लखीसराय संग्रहालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल, बालगुदर में आयोजित हुआ। इसमें बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया, योजना की जानकारी प्राप्त की और मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन भी किए। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम प्रभाकर कुमार, एडीएम नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एलडीएम कांत सिंह, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरदीप दिवाकर लाल, विद्युत अधीक्षण अभियंता सुमित सौरभ और विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल लखीसराय सहित कई अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। वेंडरों के स्टॉल पर पहुंचकर मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन इस अवसर पर जिले के सभी सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता तथा अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे। मेले में पंजीकृत सोलर वेंडरों, जिनमें डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड और यूनिकॉर्न ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड शामिल थे, ने उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी, तकनीकी पहलुओं और ऑनलाइन आवेदन की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक और बिहार ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों ने सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए उपलब्ध बैंक ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाओं के बारे में बताया। मेले के दौरान, दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) के कई बिजली उपभोक्ताओं ने वेंडरों के स्टॉल पर पहुंचकर मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन किए। प्रशस्ति-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया अधिकारियों ने इस पहल को योजना के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता और रुचि का संकेत बताया। इस कार्यक्रम में उन लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पहले ही योजना का लाभ उठाकर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर लिए हैं। साथ ही, जिले में पीएम सूर्य घर योजना के सफल क्रियान्वयन और अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने में उत्कृष्ट योगदान के लिए डीआरएस सोलर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुधा रंजन कुमार को प्रशस्ति-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कुमार ने बताया कि यह योजना आम परिवारों के बिजली खर्च को कम करने और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।
Source link
PM सूर्य घर योजना का सोलर मेला:लखीसराय में उपभोक्ताओं ने मौके पर ऑनलाइन आवेदन किया
