![]()
औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के पीएम श्री आरके अनुग्रह +2 हाई स्कूल में महिला सुरक्षा, मानव तस्करी एवं बंधुआ मजदूरी के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। औरंगाबाद पुलिस और दीप ज्योति कल्याण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सैंकड़ों स्टूडेंट्स शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक बनाना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता मदनपुर थाना की एसआई सुमिता कुमारी ने की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी के बढ़ते खतरे, उसके दुष्परिणाम और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते अपराध पर रोक लगाई जा सके। महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार और हेल्पलाइन की दी जानकारी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हेमलता सिंह ने ‘ऑपरेशन विधि पालक’ और पुलिस दीदी टीम के गठन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल का मकसद महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या छेड़खानी की घटना होने पर चुप न रहें, बल्कि तुरंत पुलिस और संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। इस दौरान दीप ज्योति कल्याण संस्थान की सीएसडब्ल्यू सरिता कुमारी ने बंधुआ मजदूरी के कारणों, उसके सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों तथा सरकार द्वारा संचालित पुनर्वास और सहायता योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। वहीं सीएसडब्ल्यू बिंदु कुमार ने कहा कि आज सोशल मीडिया के प्रभाव के कारण कई बच्चे गलत दिशा में जा रहे हैं। उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, गुड टच और बैड टच की जानकारी विस्तारपूर्वक देकर सतर्क रहने का संदेश दिया। जागरूकता से सुरक्षित समाज बनाने का आह्वान कार्यक्रम के अंत में प्रतिमा कुमारी ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे कार्यक्रम में दी गई जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें। वक्ताओं ने कहा कि मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। बच्चों को अपने अधिकारों की जानकारी होना और समय पर सही कदम उठाना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में शिक्षक शमा प्रवीन, जितेंद्र कुमार सिंह, संतोष कुमार, चंदन कुमार, प्रतीक कुमार, सुनीता कुमारी, अलका कुमारी, सलोनी मिश्रा, नूतन गुप्ता, जितेंद्र कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने सुरक्षित, जागरूक और अपराध मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
Source link
पीएमश्री स्कूल में महिला सुरक्षा, मानव तस्करी से किया जागरूक:छात्र-छात्राओं को बंधुआ मजदूरी से बचाव की भी दी जानकारी, SI बोलीं- तुरंत जानकारी दें
