Headlines

नवादा में डीएम ने योगासन पदक विजेताओं से की मुलाकात:राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया सम्मानित




नवादा के जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह प्रतियोगिता 1 से 3 अगस्त 2026 तक पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई थी, जिसमें नवादा जिले ने राज्य स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में काशीचक प्रखंड के चंडी महारानी इंटर कॉलेज की छात्रा नेहा कुमारी ने जूनियर वर्ग की परंपरागत योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने चांद मुनि के साथ युगल कलात्मक योगासन स्पर्धा में कांस्य पदक भी हासिल किया। नवादा नगर की आंचल मेहता और नारदीगंज की ज्योति कुमारी ने सीनियर वर्ग की तालात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में रजत पदक तथा कलात्मक युगल स्पर्धा में कांस्य पदक अर्जित किया। इसके अतिरिक्त, केशव पाण्डेय और शिवम कुमार ने जूनियर बालक वर्ग की कलात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से योगासन की विभिन्न विधाओं, प्रतियोगिता के तकनीकी पहलुओं और प्रशिक्षण के अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। रवि प्रकाश ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की एक प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योगासन को खेल विधा के रूप में मान्यता मिलने से युवाओं के लिए करियर और रोजगार के नए अवसर भी खुले हैं। उन्होंने बताया कि बुधौल स्थित निर्माणाधीन संजीवनी वाटिका पार्क में योगाभ्यास और योगासन प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं, जिससे जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *