![]()
समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड स्थित बल्लीपुर पंचायत में गुरुवार को 35 साल की विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। महिला एक महीने पहले अपने छोटे बेटे के मुंडन के लिए पानीपत से समस्तीपुर आई थी। मृतका के पति का कहना है कि वापस लौटने के लिए वो मुझसे 30 हजार रुपए मांग रही थी। महिला की सुसाइड की खबर के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की पहचान बल्लीपुर निवासी काली मोहन चौधरी की पत्नी पूजा देवी के रूप में हुई है। मधुबनी जिले के लौकही की रहने वाली थी पूजा मृतका पूजा देवी मूल रूप से मधुबनी जिले के लौकही थाना क्षेत्र के ओरहा गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी साल 2009 में काली मोहन चौधरी से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे (रितिक कुमार चौधरी और रौनक कुमार चौधरी) और दो बेटियां (भावना कुमारी और महिमा कुमारी) हैं। पूजा देवी के पति काली मोहन चौधरी बल्लीपुर पंचायत में ही स्थल चौक पर ठंडे पानी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बताया जाता है कि पूजा देवी हरियाणा के पानीपत में अपनी मां और भाई के साथ रहती थीं। 9 जुलाई को वो अपने छोटे बेटे के मुंडन के लिए गांव आई थी। पति ने कहा- वापस जाने के लिए पूजा 30 हजार रुपए मांग रही थी स्थानीय अमरनाथ ने बताया कि पूजा ने घर के अंदर ओढ़नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। मृतका के पति काली मोहन चौधरी ने बताया कि पत्नी ने पानीपत जाने के लिए उनसे 30 हजार रुपए की मांग की थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह राशि देने में असमर्थ थे, जिससे दोनों के बीच बुधवार को विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद वह रात में अपनी मां के साथ दुकान पर चले गए और वहीं सो गए। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी पत्नी ने फांसी लगा ली है। उन्होंने ये भी कहा कि पहले भी घरेलू विवाद के दौरान उनकी पत्नी फांसी लगाने की बात कहती थीं। उनके अनुसार, दोनों की शादी को करीब 17 साल हो चुके थे और घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को भी दे दी गई है। अपर थाना अध्यक्ष बोले- लिखित सूचना नहीं मिली, पड़ताल जारी अपर थाना अध्यक्ष मुखराम सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने विभिन्न बिंदुओं पर जांच की है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
समस्तीपुर में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:बेटे के मुंडन के लिए पानीपत से आई थी, पति बोला- 30 हजार रुपए मांग रही थी
