Headlines

भास्कर के पौधारोपण अभियान से जुड़े छात्र:बच्चों ने 125 पौधे लगाएं, 50 घर ले जाकर रोपने का संकल्प लिया




बेगूसराय सदर में दैनिक भास्कर के 75 लाख पौधारोपण महाभियान के तहत गुरुवार को ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान से चांदपुरा का एक निजी विद्यालय जुड़ गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने मिलकर 125 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। विद्यालय परिसर में आम, अमरूद, कटहल और महोगनी जैसे पौधे रोपे गए। इसके अतिरिक्त, 50 पौधे छात्रों के बीच वितरित किए गए। इसका उद्देश्य था कि छात्र अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या कंचन कुमारी ने विद्यार्थियों को पौधारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि दैनिक भास्कर का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आग्रह किया। कंचन कुमारी ने बताया कि पौधे न केवल शुद्ध हवा और छाया प्रदान करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से पौधारोपण को जन-आंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर छात्रा आंचल कुमारी, वर्षा कुमारी, आरुषि कुमारी और छात्र अभिषेक कुमार ने पौधारोपण कर खुशी व्यक्त की। उन्होंने भविष्य में भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षक देवानंद कुमार, कार्तिक शर्मा, छात्र हिमांशु कुमार, राजा कुमार, आयुष कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *