![]()
दरभंगा में संदिग्ध हालत में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजन ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और गला दबाने का आरोप लगाया है। मृतक की पहचान कोकट गांव निवासी सीताराम पंडित(65) के तौर पर हुई है। घटना पतोर थाना क्षेत्र की है। परिजनों के अनुसार, सीताराम पंडित ने 26 जून 2026 को पतोर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि गांव के रामलोचन उर्फ गन्नू भगत समेत अन्य लोग उनकी बहू-बेटियों को गलत नीयत से परेशान करते थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर लाठी-डंडे और बाइक के शॉकर से हमला किया था। इस हमले में सीताराम पंडित, उनके पुत्र शंभू भगत, रौशन पंडित समेत परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। सभी का इलाज डीएमसीएच में कराया गया था। ‘गला दबाकर मार डाला’ मृतक के पुत्र श्याम पंडित ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी पक्ष के लोग लगातार केस वापस लेने और समझौते का दबाव बना रहे थे। जब परिवार समझौते के लिए तैयार नहीं हुआ तो गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे घर के बाहर पहुंचे। उस समय पिताजी दरवाजे पर सो रहे थे। रामलोचन उर्फ गन्नू भगत ने चार-पांच लोगों के साथ मिलकर उनका गला दबा दिया। अगर घर का दरवाजा खुलता को परिवार के अन्य सदस्यों को भी मार देते। पुरानी रंजिश में रंजिश में हत्या की गई है। पिताजी ने हमले के दौरान “गन्नू भगत-गन्नू भगत” कहकर आवाज भी लगाई थी। परिवार की महिलाओं और कुछ ग्रामीणों ने भी आरोपियों को घटनास्थल से भागते हुए देखने की बात कही है। छानबीन में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार वहीं, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पतोर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सही पता चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Source link
दरभंगा- संदिग्ध हालत में बुजुर्ग की मौत:बेटे ने ग्रामीण पर लगाया हत्या का आरोप, कहा- मारपीट मामले में समझौता का दबाव बना रहे थे
