![]()
बक्सर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले “हर घर तिरंगा महोत्सव 2026” की तैयारियां जिला प्रशासन ने शुरू कर दी हैं।
.
इसी क्रम में जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, बक्सर, जिले के प्रतिभाशाली कलाकारों और बच्चों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर दे रहा है।
मुख्य समारोह में प्रस्तुति के लिए 11 अगस्त को ऑडिशन आयोजित किया जाएगा।
प्रतिभागी अपनी सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन करेंगे
जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले के इच्छुक कलाकार और बच्चे 11 अगस्त, 2026 को आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर में ऑडिशन में भाग ले सकते हैं।
यह ऑडिशन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागी अपनी सांस्कृतिक कला का प्रदर्शन करेंगे।
राष्ट्रीय पर्व को सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाना मुख्य उद्देश्य
ऑडिशन के आधार पर चयनित कलाकारों और बच्चों को 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और राष्ट्रीय पर्व को सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाना है।
मौके का ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाने की अपील
जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय ने यह भी बताया कि जिन कलाकारों या बच्चों के लिए निर्धारित तिथि पर ऑडिशन में उपस्थित होना संभव नहीं है, वे अपनी प्रस्तुति का वीडियो भी भेज सकते हैं।
इसके लिए प्रतिभागी स्वयं जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, बक्सर में वीडियो जमा कर सकते हैं या ई-मेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी इच्छुक कलाकारों, विद्यार्थियों, सांस्कृतिक संस्थाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
प्रशासन ने प्रतिभाशाली बच्चों को ऑडिशन में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिल सके और राष्ट्रीय पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गरिमा बढ़ाई जा सके।
