Headlines

Bihar Cabinet Decisions | Peerpanti Power Plant Transmission Line News


.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। भागलपुर के पीरपैंती में बन रहे 2400 मेगावाट के सुपर थर्मल पावर प्लांट से बिजली की निकासी के लिए ट्रांसमिशन लाइन बनाई जाएगी। इसकी मंजूरी सम्राट कैबिनेट ने दी है। बेतिया में सेनको गोल्ड एंड डायमंड के शोरूम में करोड़ों की लूट हुई है। कटिहार में सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. पीरपैंती में पावर प्लांट ट्रांसमिशन लाइन बनेगी

भागलपुर के पीरपैंती में बन रहे 2400 मेगावाट के सुपर थर्मल पावर प्लांट से बिजली की निकासी के लिए ट्रांसमिशन लाइन बनाई जाएगी। बिहार कैबिनेट ने इससे जुड़ी ट्रांसमिशन परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इसका निर्माण और संचालन अदाणी एनर्जी सॉल्यूशन लिमिटेड करेगी। पटना में 305 करोड़ रुपए की लागत से IIT रिसर्च पार्क बनाया जाएगा। वहीं बक्सर से भागलपुर तक 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनेगा, जिसके DPR तैयार करने के लिए कैबिनेट ने 66.58 करोड़ रुपए मंजूर किए है। आज बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। जिसमें 14 फैसलों को मंजूरी मिली। पूरी खबर पढ़ें

2. सेनको गोल्ड शोरूम से 8 बदमाशों ने की करोड़ों की लूट

बेतिया शहर के सुप्रिया रोड पर सेनको गोल्ड एंड डायमंड के शोरूम में करोड़ों की लूट हुई है। 3 बाइक से आए 8 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। सबके हाथ में हथियार थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, करीब 10-15 मिनट में लूटपाट की गई। शोरूम में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद सभी के हाथ बांध दिए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। अपराधियों ने सभी लोगों को एक जगह बैठा दिया, ताकि कोई विरोध न कर सके। इसके बाद अपराधियों ने बेखौफ होकर शोरूम में रखे कीमती आभूषणों को समेटना शुरू कर दिया। पूरी खबर पढ़ें

3. घुड़दौड़ जीतने वाले को व्हाइट थार देंगे अनंत सिंह

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां जोरों पर है। 25 नवंबर को शादी वाले दिन होने वाली घुड़दौड़ को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। छठ महापर्व के बाद बिहार के अलग-अलग जिलों से घोड़े मोकामा पहुंचने लगे हैं। सारण समेत कई जिलों से सात घोड़े प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए हैं। अनंत सिंह ने घोड़ों के ठहरने के लिए विशेष घुड़साल भी बनवाया है। घुड़दौड़ जीतने वाले प्रथम विजेता को व्हाइट थार दी जाएगी। यह गाड़ी आ भी गई है। पूरी खबर पढ़ें

4. ट्रक-ट्रैक्टर के बीच दबा ऑटो, 3 दोस्तों की मौत

कटिहार में बुधवार सुबह NH-31 पर सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा समेली के बखरी मोड़ के पास हुआ, जहां ऑटो की ट्रक और ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक और ट्रैक्टर पलट गया, जबकि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार चार दोस्तों में से तीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान विष्णुचक गांव निवासी जितेंद्र कुमार, भीम कुमार साह और बाजो कुमार साह के रूप में हुई है। वहीं, घायल मनीष कुमार साह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के पीछे कोहरा और ड्राइवर को झपकी आने की चर्चा है, हालांकि अभी कारण स्पष्ट नहीं है। पूरी खबर पढ़ें

5. बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की MLC सदस्यता बची

बिहार विधान परिषद के दो नवनिर्वाचित निर्दलीय सदस्य वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज को बड़ी राहत मिली है। उनकी सदस्यता को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल थम गया है और सदस्यता नहीं जाएगी। दरअसल, दोनों को विधान पार्षद पद से हटाने के लिए आरजेडी और जन सुराज की ओर से दाखिल की गई सभी याचिकाओं को विधान परिषद सचिवालय ने खारिज कर दिया है। कार्यकारी सभापति के आदेश पर लिए गए इस फैसले के बाद दोनों नेताओं की सदस्यता बरकरार रहेगी। इसे जनसुराज और राजद के लिए झटका माना जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें

6. पति घर से निकला,पत्नी ने प्रेमी से कराई हत्या

बेगूसराय में 14 अक्टूबर से लापता धीरज राय (45) की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में उसकी पत्नी डॉली कुमारी (35) और पत्नी का प्रेमी मुकेश कुमार (40) शामिल है। दोनों ने मिलकर धीरज की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि डॉली ने पति के घर से निकलने की जानकारी मुकेश को दी थी। इसके बाद मुकेश ने धीरज को काम और कर्ज दिलाने का झांसा देकर मिलने के लिए बुलाया। उसे कार में बैठाकर सुनसान जगह ले गया, जहां पहले उसकी पिटाई की और फिर मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। पूरी खबर पढ़ें

7. मनोज झा ने अशोक चौधरी को बताया ‘फ्रॉड मंत्री’

राज्यसभा सांसद मनोज झा ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अशोक चौधरी को ‘बड़ा फ्रॉड मंत्री’ बताते हुए उनकी एएन कॉलेज में शिक्षक पद पर नियुक्ति और लियन (Lien) लेने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। मनोज झा का आरोप है कि अशोक चौधरी ने विधान परिषद सदस्य रहते हुए शिक्षक पद पर नियुक्ति ली। इसके बाद उन्होंने नौकरी जॉइन करने के अगले ही दिन लियन के लिए आवेदन कर दिया। मनोज झा ने इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से कार्रवाई की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें

8. मायके से बुलाकर पति ने की पत्नी की हत्या

मोतिहारी के करसहिया में मायके से गायब हुई रंजीता कुमारी की हत्या उसके पति कुंदन कुमार ने ही की थी। पुलिस ने पति की निशानदेही पर सोमवार की रात करसहियां और बलुआ गांव के बीच सरेह में एक गड्ढे से महिला का शव बरामद किया। दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी की हत्या का आरोप है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार की शाम घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमॉर्टम के बाद मृतका के शव को आरोपी के घर के दरवाजे पर रखकर अंतिम संस्कार किया। 5 महीने के दूधमुंहे बच्चे से मां को मुखाग्नि दिलवाई गई। पूरी खबर पढ़ें

9. सदाकत आश्रम में कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद

पटना के सदाकत आश्रम स्थित बिहार कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को NSUI कार्यकर्ताओं और मीडियाकर्मियों के बीच विवाद हो गया। कुर्सी पर बैठने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि इस दौरान पत्रकारों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की गई। घटना से नाराज मीडियाकर्मियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार कर दिया और विरोध जताते हुए कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकल गए। पूरी खबर पढ़ें

10. कल सुबह में हल्की ठंड महसूस होगी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, कल यानी गुरुवार को राजधानी पटना, नालंदा समेत कई जिलों में सुबह में हल्की ठंड महसूस होगी। हालांकि, दिन में धूप निकलेगी। बादलों की आवाजाही रहेगी। प्रदेश में अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

    OpenBuk Bharat (ओपनबुक भारत) आपका भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है। हम राष्ट्रीय, प्रादेशिक (बिहार), वाणिज्य, और मनोरंजन जगत की हर बड़ी खबर निष्पक्षता और सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।