![]()
छठ पूजा खत्म होते ही खगड़िया और मानसी जंक्शन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी अब अपने कार्यस्थलों पर लौटने लगे हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, अंबाला और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव ज्यादा है। त्योहार की छुट्टियां खत्म होने के बाद लोग रोजी-रोजगार और नौकरी के लिए वापस जा रहे हैं। परिवार के सदस्य उन्हें विदा करने स्टेशन पहुंच रहे हैं। कुछ दिनों की छुट्टी के बाद फिर परदेस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। जनरल से एसी तक टिकट की मारामारी लंबी दूरी की ट्रेनों में जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी की सीटों की मांग बढ़ गई है। जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, स्लीपर और एसी श्रेणी में कन्फर्म टिकट मिलना भी आसान नहीं है। कई यात्री वेटिंग टिकट लेकर यात्रा की योजना बना रहे हैं। तत्काल टिकट पाने के लिए भी उन्हें कोशिश करनी पड़ रही है। यात्रियों को समय पर काम की जगह पहुंचने की चिंता सता रही है। तीन-चार महीने बाद फिर आएंगे घर अंबाला जा रहे अमन कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन-चार साल से घर से बाहर काम कर रहे हैं। छठ मनाने के लिए घर आए थे और अब वापस काम पर लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास टिकट है और इसे पाने में परेशानी नहीं हुई। वह तीन-चार महीने बाद फिर घर आने की योजना बना रहे हैं। खगड़िया जिले के आमनी गांव के वार्ड संख्या-9 निवासी दिलकुश कुमार यादव भी छठ मनाने के बाद काम पर लौट रहे हैं। राजमिस्त्री का काम करने वाले दिलकुश ने बताया कि वह पिछले छह-सात वर्षों से बाहर रहकर मजदूरी कर रहे हैं। छठ पर परिवार के साथ समय बिताने गांव आए थे। पर्व समाप्त होने के बाद अब फिर काम पर जा रहे हैं। रोजगार की मजबूरी में फिर शुरू हुआ पलायन खगड़िया और मानसी जंक्शन पर बढ़ती भीड़ जिले के हजारों परिवारों की रोजगार संबंधी मजबूरियों को भी दिखाती है। बेहतर कमाई और परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में काम करने जाते हैं। सालभर परिवार से दूर रहने वाले ये लोग त्योहारों पर कुछ दिनों के लिए घर लौटते हैं। छुट्टियां खत्म होते ही फिर परदेस की राह पकड़ लेते हैं। छठ के बाद स्टेशनों पर बढ़ी भीड़ इसी सिलसिले की तस्वीर पेश कर रही है।
Source link
छठ खत्म होते ही परदेस लौटने लगे प्रवासी:खगड़िया-मानसी स्टेशन पर उमड़ी भीड़, दिल्ली-पंजाब, हरियाणा और मुंबई जाने वाली ट्रेनों में बढ़ा दबाव
