बक्सर के धोबी घाट मोहल्ले में बुधवार रात दो बाइक पर सवार चार लोगों ने फायरिंग की। घटना मोहल्ले में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस को मौके से एक खाली कारतूस मिला है।
.
धोबी घाट गली नंबर पांच के रहने वाले 26 वर्षीय शुभम तिवारी ने नगर थाने में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि घटना से कुछ देर पहले उनके मोबाइल पर फोन आया था। फोन करने वाले ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी थी।
शुभम के मुताबिक, वह परिवार के सदस्यों के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे, तभी दो बाइक पर चार लोग पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। फायरिंग के बाद आरोपी वहां से भाग गए।
फोन पर रेस्टोरेंट संचालक से दूर रहने की मिली थी धमकी
शुभम ने शिकायत में सन्नी वर्मा, राहुल पांडेय, यशवंत सिंह उर्फ छोटे और अन्य लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि फोन पर धमकी देने वाले ने उन्हें स्वागत रेस्टोरेंट के संचालक राहुल पांडेय से दूर रहने को कहा था।
शुभम ने पुलिस को यह भी बताया कि पहले मिली जान से मारने की धमकी के मामले में उन्होंने अदालत में सनहा दर्ज कराया था। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि धोबी घाट मोहल्ले में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके से खाली कारतूस मिला है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है। शिकायत में जिन लोगों के नाम दिए गए हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
