Headlines

मधेपुरा-नालों का गंदा पानी नदी में गिर रहा:पूर्व पार्षद ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाया, DM से हस्तक्षेप की मांग




मधेपुरा शहर में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच घाटों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर परिषद प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। शहर के नालों का गंदा पानी सीधे नदी में गिर रहा है। वहीं, कई घाटों पर गंदगी और जलजमाव की समस्या बनी हुई है। पूर्व पार्षद एवं पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती ने इन समस्याओं को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा है। विनीता भारती ने शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान घाटों पर साफ-सफाई की कमी और नदी में गिर रहे नालों के गंदे पानी को देखकर उन्होंने नगर परिषद के कामकाज पर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि दूषित पानी और गंदगी के बीच छठ व्रती महिलाएं कैसे अर्घ्य देंगी? देखें, मौके से आई तस्वीरें… नालों का पानी नदी में गिरने से चिंता उन्होंने कहा कि छठ बिहार की संस्कृति, आस्था और अस्मिता का प्रतीक है। इस पर्व में माताएं-बहनें पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देती हैं। ऐसे में नदी में नालों का गंदा पानी गिरना जल की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सफाई के नाम पर खानापूर्ति का आरोप विनीता भारती ने आरोप लगाया कि नगर परिषद प्रशासन छठ घाटों की सफाई और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने के बजाय खानापूर्ति कर रहा है। कहीं गंदगी पसरी है तो कहीं जलजमाव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स से चलने वाली नगर परिषद की जिम्मेदारी शहरवासियों को स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। डीएम से हस्तक्षेप करने की मांग उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। विनीता भारती ने छठ महापर्व से पहले सभी प्रमुख घाटों की समुचित सफाई कराने, नदी में गिर रहे गंदे पानी की समस्या दूर करने और घाटों पर रोशनी, बैरिकेडिंग व सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान गोपी पंडित, अमलेश कुमार रजक, राहुल कुमार, लालू कुमार, रणवीर कुमार और संजीव पासवान सहित दर्जनों नगरवासी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *