![]()
जहानाबाद के काको प्रखंड स्थित जोलहबीघा गांव में सोमवार को दंगल प्रतियोगिता हुई। इसमें जिले के अलग-अलग इलाकों से आए दर्जनों पहलवानों ने हिस्सा लिया। मुकाबले देखने के लिए आसपास के गांवों से हजारों लोग पहुंचे। पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए अलग-अलग दांव आजमाए। दर्शक तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाते रहे। सोमवार शाम करीब पांच बजे तक मुकाबले चलते रहे। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर रहे पहलवान को 5,100 रुपये, दूसरे स्थान वाले को 3,100 रुपये और तीसरे स्थान वाले को 2,100 रुपये दिए गए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को सम्मानित भी किया गया। पूर्व सैनिक अवधेश कुमार ने बताया कि यह दंगल स्वर्गीय जानकी पहलवान की स्मृति में 1974 से आयोजित हो रहा है। कुछ साल तक अलग-अलग कारणों से इसका आयोजन बंद रहा। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की कोशिशों से 2025 में इसे फिर शुरू किया गया। अवधेश कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता का मकसद पारंपरिक कुश्ती को जारी रखना और ग्रामीण इलाकों की खेल प्रतिभाओं को मंच देना है। इससे युवाओं को कुश्ती के लिए प्रोत्साहन मिलता है और स्थानीय पहलवानों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलता है।
Source link
काको के जोलहबीघा में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन:जिलेभर के पहलवानों ने दिखाया दमखम, विजेताओं को मिले 5,100 रुपये तक के इनाम
