Headlines

वर्ल्ड अपडेट्स:यरुशलम में भारतीय व्यक्ति की हत्या: इजराइली संदिग्ध गिरफ्तार




यरुशलम के कटामोन इलाके में गुरुवार को 40 साल के भारतीय व्यक्ति का शव एक घर में मिला। पुलिस के मुताबिक, शव फर्श पर पड़ा था और उसके आसपास काफी खून था। इजराइल पुलिस ने हत्या के शक में 31 साल के एक इजराइली नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपराधिक प्रकृति का लग रहा है। मृतक और संदिग्ध की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। यरुशलम जिला कमांडर अवशालोम पेलेड भी मौके पर पहुंचे और जिला अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया। पेलेड ने शुरुआती आकलन के बाद जांच जारी रखने के निर्देश दिए। पुलिस के मुताबिक, मृतक 40 साल का भारतीय प्रवासी कामगार था।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… लंदन के लग्जरी होटल में सऊदी राजकुमार की मौत:शराब, जांच में मिसएडवेंचर का निष्कर्ष
सऊदी अरब के 29 वर्षीय राजकुमार अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद की लंदन के एक लग्जरी होटल में मौत हो गई। ब्रिटेन की कोरोनर कोर्ट में हुई जांच में सामने आया कि उनकी मौत शराब, पार्टी ड्रग और प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के घातक मिश्रण के सेवन से कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई। राजकुमार पिछले 19 नवंबर को लंदन के मैरियट होटल, केंसिंग्टन में ठहरे थे। 25 नवंबर को होटल के पांचवीं मंजिल के कमरे के बाथरूम में वे मृत मिले। असिस्टेंट कोरोनर जीन हार्किन ने मौत को ‘मिसएडवेंचर’ यानी अनजाने में हुई घातक घटना माना। कोर्ट में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि राजकुमार ने आत्महत्या करने की योजना बनाई थी। इनर वेस्ट लंदन कोरोनर कोर्ट में पेश टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमार के खून में अल्कोहल का स्तर 222mg प्रति 100ml था। यह इंग्लैंड में ड्रिंक-ड्राइविंग की कानूनी सीमा से करीब तीन गुना ज्यादा है। विशेषज्ञों ने कोर्ट को बताया कि सिर्फ इतना अल्कोहल भी कोमा की स्थिति पैदा करने के लिए पर्याप्त हो सकता था। राजकुमार ने करीब 600 यूरो प्रति रात के किराए वाले होटल में एक सप्ताह ठहरने के लिए चेक-इन किया था। मौत से एक शाम पहले उन्हें होटल के CCTV में आखिरी बार जिंदा देखा गया। कोर्ट को बताया गया कि राजकुमार को शराब के दुरुपयोग और प्रिस्क्रिप्शन दवाओं पर निर्भरता की समस्या थी। हिटलर के जन्मस्थान में अब पुलिस स्टेशन:नाजी समर्थकों की ‘तीर्थयात्रा’ रोकने के लिए ऑस्ट्रिया ने इमारत बदली
जर्मनी की सीमा के पास ऑस्ट्रिया के ब्राउनाउ एम इन शहर में एडॉल्फ हिटलर के जन्मस्थान की इमारत ने बुधवार से नई भूमिका शुरू कर दी। अब यहां पुलिस स्टेशन बनाया गया है। ऑस्ट्रिया सरकार को उम्मीद है कि इससे यह जगह नव-नाजियों के लिए ‘तीर्थस्थल’ नहीं बनेगी। यह इमारत कई सालों तक निजी स्वामित्व में रही थी और यहां दिव्यांग लोगों के लिए काम करने वाली एक चैरिटी संस्था भी थी। लंबे विवाद के बाद ऑस्ट्रिया सरकार ने 2017 में इसे अनिवार्य रूप से अपने कब्जे में लिया और 2019 में इसे पुलिस स्टेशन में बदलने की घोषणा की थी। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय के इतिहास विभाग के प्रमुख स्टीफन म्लचोज ने इमारत के दौरे के दौरान पत्रकारों से कहा कि इसका उद्देश्य एडॉल्फ हिटलर से जुड़ी किसी भी पहचान को रोकना और इस जगह से जुड़ी रहस्यमयी छवि को खत्म करना है। इमारत के सफेद बाहरी हिस्से पर अब सिर्फ ‘Police’ लिखा है। इसके अलावा फुटपाथ पर माउथहाउसन कॉन्सन्ट्रेशन कैंप से लाया गया एक पत्थर पहले की तरह मौजूद है। उस पर ‘फासीवाद फिर कभी नहीं’ लिखा है, लेकिन इसमें हिटलर का नाम नहीं है। हिटलर का जन्म 1889 में इसी इमारत में हुआ था। हालांकि, म्लचोज के मुताबिक वह यहां सिर्फ कुछ हफ्ते रहा था। इसके बाद उसका परिवार यहां से दूसरी जगह चला गया। बाल सुरक्षा कानूनों के समर्थक स्विस नेता पर नाबालिग से रेप का आरोप
स्विट्जरलैंड में बाल सुरक्षा से जुड़े कई कानूनों का समर्थन कर चुके दक्षिणपंथी नेता पैट्रिक फ्राई पर नाबालिग से रेप समेत कई गंभीर आरोप लगे हैं। अभियोजकों ने 57 साल के पूर्व स्विस पीपुल्स पार्टी नेता के लिए उम्रकैद की मांग की है। आरगाउ पब्लिक प्रॉसिक्यूटर ऑफिस के मुताबिक, फ्राई पर अपनी पार्टनर और उसकी नाबालिग बेटी को कथित तौर पर नशीली दवा देकर व्यवस्थित रूप से यौन शोषण करने का आरोप है। उन पर एक अन्य वयस्क महिला को नशीली दवा देने और उसका रेप करने का भी आरोप है। अभियोजकों के मुताबिक, पीड़ितों को दी गई नशीली दवाओं के कारण उनकी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। अभियोजन कार्यालय ने कहा कि इन पदार्थों के इस्तेमाल से पीड़ित कभी भी दम घुटने की वजह से मर सकते थे। अभियोजकों का आरोप है कि फ्राई ने पीड़ितों की संभावित मौत को स्वीकार किया था। इसी आधार पर उन पर हत्या की कोशिश के कई मामले भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस जांच 2023 में शुरू हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नाबालिग लड़की की मां ने कथित तौर पर नेता को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने के बाद पुलिस को फोन किया था। इसके कुछ समय बाद फ्राई को गिरफ्तार कर लिया गया। वह तब से हिरासत में है। अभियोजकों के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को कथित अपराधों से जुड़े कई सबूत मिले, जिनमें पोर्नोग्राफिक वीडियो और तस्वीरें भी शामिल हैं। करीम खान को ICC अभियोजक पद से हटाने पर आज वोटिंग:125 में से 63 देशों का समर्थन जरूरी
इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) के सदस्य देश शुक्रवार को मुख्य अभियोजक करीम खान को पद से हटाने पर वोट करेंगे। खान पर यौन दुराचार के आरोप हैं। वे इन आरोपों से इनकार करते हैं। 56 साल के खान को मई 2025 से जांच पूरी होने तक स्वैच्छिक अवकाश पर रखा गया था। जून से वे निलंबित हैं। ICC की गवर्निंग बॉडी के फैसले के बाद अब उन्हें हटाने के लिए गुप्त मतदान होगा। ICC की गवर्निंग बॉडी के अधिकारियों के मुताबिक, खान को इसलिए हटाया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने एक जूनियर स्टाफ सदस्य के साथ अनुचित यौन संबंध बनाकर गंभीर दुराचार किया। वोटिंग भारतीय समय के अनुसार रात करीब 12:30 बजे शुरू होने की संभावना है। परिणाम रात करीब 3 बजे घोषित होने की उम्मीद है। फ्रांस ने गुरुवार को कहा कि वह खान को हटाने के पक्ष में वोट करेगा। नीदरलैंड्स ने भी उनके निष्कासन का समर्थन करने की बात कही है। नीदरलैंड्स में ही ICC का मुख्यालय है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *