![]()
गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र स्थित अरार मोड़ के पास एक निजी नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाया। उनका दावा है कि मरीज के इलाज पर करीब 4 लाख रुपए खर्च हो चुके थे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पैर में मामूली घाव के बाद कराया था भर्ती परिजनों के मुताबिक, सितंबर महीने में पैर में मामूली घाव होने के बाद मरीज को निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। आरोप है कि लंबे समय तक इलाज के दौरान अस्पताल प्रबंधन की ओर से लगातार पैसे लिए जाते रहे। करीब 4 लाख रुपए खर्च होने के बावजूद मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। ड्रेसिंग के लिए पहुंचे मरीज की मौत परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की ओर से मरीज को रोज घाव की ड्रेसिंग के लिए बुलाया जाता था। सोमवार को भी मरीज ड्रेसिंग कराने नर्सिंग होम पहुंचा था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर हंगामा मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया। वे पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और नर्सिंग होम के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर अपने घर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अस्पताल संचालक और डॉक्टरों ने नहीं दिया पक्ष मामले में अस्पताल संचालकों और डॉक्टरों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। वे कैमरे के सामने आने से भी बचते नजर आए।
Source link
गोपालगंज में निजी नर्सिंग होम में मरीज की मौत:4 लाख खर्च के बाद भी नहीं बची जान; परिजनों ने किया हंगामा, बोले-लापरवाही हुई
