![]()
बीकानेर में ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना इलाके में घड़सीसर रेलवे ट्रैक पर रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। पति-पत्नी झगड़ा करते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए थे। उन्हें बचाने के लिए दो युवक भी ट्रैक पर चले गए। इसी दौरान ट्रेन आ गई और हादसा हो गया। पति-पत्नी और एक युवक के टुकड़े-टुकड़े हो गए। क्षत-विक्षत शवों को पोटली में बांधकर पीबीएम हॉस्पिटल लेकर गए। हादसे के बाद ट्रेन मौके पर काफी देर तक रुकी रही। तीनों मृतक रामू (55), उनकी पत्नी पिंकी (53) और संजीत मोची बिहार के दरभंगा के रहने वाले थे। वहीं घायल अमरचंद सांखला बीकानेर के रानी बाजार के निवासी हैं। तीनों अमरचंद के खेत में काम करते थे। खेत में झगड़े के बाद रेलवे ट्रैक की तरफ दौड़े पति-पत्नी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया- रामू, पिंकी और संजीत तीनों अमरचंद सांखला के खेत पर मजदूरी करते थे। रविवार दोपहर किसी बात को लेकर रामू और पिंकी के बीच झगड़ा हुआ था। खेत में काम करने वाले किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना खेत मालिक अमरचंद को दी थी। इसी दौरान पति-पत्नी झगड़ते हुए रेलवे ट्रैक की तरफ दौड़ने लगे। खेत पर मौजूद संजीत उन्हें बचाने के लिए पीछे दौड़ा। उधर, सूचना मिलने पर अमरचंद भी दुकान से खेत पर पहुंच गए और ट्रैक की तरफ चले गए। इसी दौरान ट्रेन आ गई। ट्रेन ने पति-पत्नी को टक्कर मार दी। उन्हें बचाने के प्रयास में संजीत और अमरचंद भी ट्रेन की चपेट में आ गए। रामू, पिंकी और संजीत की मौके पर ही मौत हो गई। शव पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए। अमरचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचाया गया। आधा किलोमीटर तक बिखरे टुकड़े, कहीं हाथ मिला तो कहीं पैर शव को पीबीएम हॉस्पिटल ले जाने के लिए असहाय सेवा संस्थान के राजकुमार खड़गावत पहुंचे। खड़गावत ने बताया कि तीनों के शव करीब आधा किलोमीटर एरिया में बिखरे हुए थे। चपेट में आने के बाद ट्रेन रुकती, तब तक शव कई हिस्सों में कट चुके थे। शरीर के हिस्से काफी दूर तक बिखर गए थे। कहीं हाथ मिला तो कहीं पैर मिला। ट्रेन के इमरजेंसी ब्रेक लगाए हादसे के दौरान लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। ट्रेन रुकते ही बड़ी संख्या में यात्री नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जीआरपी, रेलवे कर्मचारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। वार्ड-30 के पार्षद अब्दुल सत्तार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
Source link
झगड़ते-झगड़ते रेलवे ट्रैक पर पहुंचे पति-पत्नी सहित 3 की मौत:ट्रेन की टक्कर से बचाने आए युवक की भी जान गई; पोटली में लेकर गए शवों के टुकड़े
